बिहारशरीफ
बिहारशरीफ और सासाराम में रामनवमी पर हुई हिंसा के मुद्दे पर बिहार विधानसभा में बुधवार को भारी हंगामा हुआ। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही बीजेपी विधायक वेल में उतर गए और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जवाब की मांग करते हुए प्रदर्शन करने लगे। स्पीकर अवध बिहारी चौधरी ने हंगामा कर रहे सदस्यों को अपनी सीट पर जाने के लिए कहा, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद स्पीकर ने मार्शल बुलाकर बीजेपी विधायक जीवेश कुमार को सदन से बाहर करने का आदेश दिया। सदन में बवाल होने पर विधानसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
बीजेपी विधायक जीवेश कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वे सदन में बिगड़ती कानून व्यवस्था का मुद्दा उठा रहे थे। हमने सदन के नेता नीतीश कुमार से जवाब मांगा कि उनके गृह जिले नालंदा और सासाराम में हिंसा क्यों हुई। वहां हिंदुओं पर अत्याचार क्यों हो रहे हैं। मगर सरकार ने जवाब देने के बजाय उन्हें उठाकर बाहर कर दिया।
जीवेश कुमार ने मार्शल पर बदसलूकी के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उनके साथ इस तरह की बदतमीजी की गई। मार्शल ने उनसे मारपीट भी की। स्पीकर पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा उन्होंने अपने संसदीय जीवन में पहली बार देखा है। विधानसभा अध्यक्ष पक्षपात कर रहे हैं। यह लोकतंत्र के खिलाफ है।
मंत्री का आरोप- जीवेश ने स्पीकर को बेशर्म कहा
वहीं, नीतीश सरकार में मंत्री कुमार सर्वजीत ने इसके लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया। एक चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का मंदिर है। बीजेपी के लोग इस मंदिर में असंसदीय भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। स्पीकर को बेशर्म कह रहे हैं। ये लोकतंत्र को तार-तार करने के बराबर है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

