रायपुर
प्रदेश में कांग्रेस राहुल गांधी के मुद्दे के बहाने अब गांव-गांव पहुंचने जा रही है। इस अभियान में कांग्रेस, मोदी सरकार की असफलता के विषय में लोगों को बताएगी। भाजपा और केंद्र सरकार पर तानाशाही के आरोप की भी जानकारी घर-घर तक पहुंचाएगी।
मोदी की नाकामियों को पहुंचाएंगे गांव-गांव: मरकाम
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने राजीव भवन में पत्रकारों से कहा कि नुक्कड़ सभा के माध्यम से हम गांव-गांव जाकर मोदी सरकार की नाकामियां गिनाएंगे। देश के लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाने का जिम्मा हर व्यक्ति का है। अगर राहुल गांधी लोकतंत्र बचाने के लिए चार हजार किलोमीटर की पदयात्रा कर सकते हैं, तो हर कांग्रेस कार्यकर्ता को इस अभियान में जुटना चाहिए। पार्टी चौपाल लगाएगी, विधानसभा में पदयात्रा करेगी और मोदी सरकार का सच जनता के सामने रखेगी।
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के 12 अप्रैल को होने वाले बस्तर दौरे को लेकर मरकाम ने कहा कि इस कार्यक्रम के लिए तीन महामंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसमें यशवर्धन राव, रजनू नेताम और रुखमणि कर्मा शामिल हैं। ये तीनों नेता प्रियंका के दौरे में समन्वय का काम करेंगे।
मरकाम ने कहा कि बस्तर में भव्य महिला सम्मेलन होगा। प्रदेश की महिलाएं आत्मनिर्भर हो, इसके लिए हम काम कर रहे हैं। प्रियंका गांधी के दौरे से महिलाओं को और संबल मिलेगा। एक सवाल के जवाब में मरकाम ने कहा कि बस्तर के रास्ते से सत्ता तक पहुंचा जा सकता है। हर पार्टी का फोकस बस्तर में है।
जो भी जिम्मेदारी मिलेगी उसे निभाएंगे
संगठन में बदलाव की चर्चा पर मरकाम ने कहा कि केंद्रीय संगठन की ओर से जो जिम्मेदारी मिलती है, उसे हम निभाते हैं। आगे भी जो जिम्मेदारी मिलेगी, उसे निभाएंगे। पाठ्य पुस्तक में कुछ विषय हटाने पर मरकाम ने कहा कि इतिहास को हटाने का काम केंद्र सरकार कर रही है। बच्चे इतिहास से सीखते हैं कि देश निर्माण में किसका क्या योगदान रहा, कैसी भूमिका रही। भाजपा इसे हटाने का काम कर रही है, तो उसके मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

