शाहजहांपुर में बड़ा हादसा: पुल से नीचे गिरी 42 लोगों से भरी ट्रॉली, 14 की मौत

उत्तर प्रदेश राज्य

शाहजहांपुर
यूपी के शाहजहांपुर में शनिवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। 42 लोगों से भरी ट्रॉली पुल से नीचे गर्रा नदी में जा गिरी। हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस और प्रशासनिक अफसर मौके पर पहुंच गए हैं। घायलों को एंबुलेंस सीएचसी भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार अजमतपुर गांव में आयोजित हो रही भागवत कथा के लिए शनिवार दोपहर गर्रा नदी से दो ट्रॉलियों में सवार होकर लोग जल लेने के लिए गए थे। जल भरने के बाद सभी वापस गांव के लिए निकले। दोनों ट्रॉलियों में आगे निकलने की होड़ लग गई। दोनों एक-दूसरे को ओवरटेक करने लगीं। इसी बीच एक ट्रॉली का बैलेंस बिगड़ गया और पुल से नीचे जा गिरी। ट्रॉली में करीब 42 लोग सवार थे। हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग बुरी तरह से घायल हो गए।

हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। सभी आनन-फानन में एक-दूसरे को बचाने में जुट गए। हादसे की खबर पाकर मौके पर विधायक सरोना कुशवाहा एवं पूर्व विधायक रोशनलाल वर्मा भी पहुंचे और लोगों को ढांढस बंधाया। कोतवाल राजकुमार शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कई एंबुलेंस के द्वारा घायलों को सीएचसी भेजा गया।  एसपी एस आनंद ने बताया कि बिरसिंहपुर क्षेत्र में नदी के पुल से गिरी ट्रैक्टर ट्राली में सवार 14 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि घायलों को इलाज कराकर उनकी जान बचाने का प्रयास किया जा रहा है। राहत टीमें लगी हुई हैं, उच्च अधिकारी पूरे मामले पर नजर रखे हुए हैं।

रेत पर लाशें, चारों तरफ चीत्कार, कानपुर हादसे के बाद भी नहीं चेता प्रशासन

धार्मिक कार्यक्रम के लिए नदी से जल लेकर गांव जा रहे ग्रामीणों से भरी ट्रॉली पुल से नीचे गिरी तो चीख-पुकार मच गई। पुल के नीचे नदी थी, हालांकि नदी में पानी नहीं था। इस वजह से वहां या तो रेत नजर आ रही थी या फिर रेत पर पड़ी लाशें। लोग जिधर सिर उठाकर देखते उधर लाशें ही  दिख रही थीं, जो बचे थे उनको उनके घर वाले बचाने की जुगत में लगे थे। जहां लाशें पड़ीं थी, वहां पर उनके परिवार वाले मातम कर रहे थे। अपनों के जाने के गम में निकल रही चीत्कार चारों ओर गूंज रही थी, तो कुछ अपनों की खोजबीन में जुटे थे। शाहजहांपुर के गर्रा नदी के नीचे का नजारा देखकर हर व्यक्ति की आंख नम हो गई थी।

कानपुर में गई थी 27 की जान

शाहजहांपुर में शनिवार को हुए हादसे ने एक बार फिर पिछले साल सितंबर में कानपुर में हुए हादसे की याद दिला दी। उस समय बच्चे, महिलाओं समेत 27 लोगों की मौत हो गई थी। तब भी हादसा ट्रैक्टर-ट्रॉली से ही हुआ था। हादसे के दौरान ट्रॉली में मौजूद लोग मुंडन संस्कार से लौट रहे थे। एक ड्राइवर के शराब के शौक के कारण 27 लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा था। इसके बाद सीएम योगी ने शहरों और ग्रामीणों में ट्रैक्टर-ट्रॉली का कृषि कार्य के अलावा दूसरे कामों में इस्तेमाल करने पर रोक लगा दी थी। इसके बाद भी लोग बाज नहीं आ रहे हैं। पुलिस-प्रशासन भी ऐसे लोगों पर कार्रवाई नहीं करती और हादसे हो जा रहे हैं।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry