बेंगलुरु
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। भारतीय जनता पार्टी की तरफ से टिकट नहीं मिलने से नाराजगी के चलते उन्होंने प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने भाजपा पर अपमानित करने के आरोप लगाए थे। जगदीश शेट्टार को मनाने के लिए भाजपा की ओर से कोशिशें की गई थीं, लेकिन वह राजी नहीं हुए।
इससे पहले अटकलें लगाई जा रही थीं कि वह राज्य में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ सकते हैं। उन्होंने उत्तर कन्नड़ जिले में विधानसभा स्पीकर विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी को इस्तीफा सौंप दिया था। खास बात है कि भाजपा नेतृत्व ने साफ कर दिया था कि उन्हें 2023 चुनाव में उम्मीदवार नहीं बनाया जाएगा। हालांकि, खबर है कि पार्टी ने उन्हें अन्य अहम जिम्मेदारियों की पेशकश की थी।
20-25 सीटों पर असर का दावा
शेट्टार ने बागी तेवर अपनाते हुए कहा था कि उन्हें टिकट न दिए जाने का असर राज्य में कम से कम 20 से 25 सीटों पर पड़ेगा। शेट्टार ने कहा, 'पार्टी को यह सुनिश्चित करना होगा कि इसका कोई नकारात्मक असर न पड़े।' हालांकि अंत में वह पार्टी नेतृत्व के मनाने पर भी नहीं माने और कांग्रेस में ही चले गए।
पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने भी कहा था कि यदि शेट्टार को टिकट नहीं मिलता है, तो इसका केवल एक क्षेत्र पर असर नहीं पड़ेगा… इसका उत्तरी कर्नाटक में कई निर्वाचन क्षेत्रों पर तत्काल असर पड़ेगा… कम से कम 20 से 25 निर्वाचन क्षेत्रों पर।' उन्होंने कहा, 'इसका निश्चित तौर पर पूरे कर्नाटक पर असर पड़ेगा, लेकिन तत्काल असर 20 से 25 सीटों पर देखा जाएगा।'
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

