लखनऊ
सुबह 10 बजे से ही चिलचिलाती धूप। दिन में पसीना। शाम को भी राहत नहीं। लखनऊ का पारा 40.5 डिग्री सेल्सियस पार हो गया। गर्मी के कारण 10 बजे से ही सड़क और बाजारों में भीड़ घटने लगी। दोपहर तक घने बाजार और सड़कों पर सन्नाटे जैसा माहौल नजर आया। ईद के मौके को देखते हुए भी अमीनाबाद और चौक के बाजार में दोपहर को ग्राहकों की संख्या बेहद मामूली रही। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन गर्मी बढ़ेगी। 20 अप्रैल से बादल और बौछारें पड़ सकती हैं।
दस बजे ही 38 डिग्री में तपने लगा शहर रविवार को सुबह से गर्मी थी। उमस भले ही 35-40 फीसदी रही हो लेकिन महसूस अधिक हो रही थी। सुबह 10 बजे ही तापमान 37-38 डिग्री सेल्सियस हो गया था। दिन में दो बजे के करीब तापमान चरम पर था। यह 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। शनिवार को दिन का पारा 38-39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। हवा भी नहीं चल रही थी। ऐसे में दिन के साथ रात को भी काफी गर्मी थी। इसके चलते न्यूनतम पारा 24 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम के मौजूदा रुख के मुताबिक अप्रैल के अंत तक दिन का पारा 45 डिग्री पहुंच सकता है। पिछले साल गर्मियों में अप्रैल में पारा 45 पार पहुंच गया था। तीस अप्रैल 2022 को दिन का तापमान 45.1 डिग्री दर्ज किया गया था। अप्रैल में पिछले साल जैसा गर्मियों का ट्रेण्ड इस बार भी है। सोमवार ही तापमान 42 और मंगलवार को 43 डिग्री सेल्सियस होने का संभावना है। ईरान-इराक पर पश्चिमी विक्षोभ तैयार है, जिसका रुख भारत की तरफ है। लखनऊ में असर 19 से 21 अप्रैल तक रहेगा।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

