निजी वाहनों की कल नई दिल्ली में नो एंट्री, इन रास्तों पर न जाएं

देश

नई दिल्ली
नए संसद भवन के उद्घाटन समारोह को देखते हुए रविवार को नई दिल्ली क्षेत्र को ट्रैफिक पुलिस की ओर से नियंत्रित क्षेत्र घोषित किया गया है। उद्घाटन कार्यक्रम में आने वाले तमाम वीआईपी और वीवीआईपी की बड़ी संख्या के कारण नई दिल्ली क्षेत्र में निजी वाहनों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। यहां सुबह साढ़े पांच बजे से लेकर शाम करीब चार बजे तक पाबंदी रहेगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नए संसद भवन के उद्घाटन समारोह को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। ट्रैफिक पुलिस ने इसमें कहा है कि 28 तारीख को बहुत सारे गणमान्य लोग उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए आने वाले हैं। इस दौरान ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात की विशेष व्यवस्था की गई है। इस क्रम में नई दिल्ली जिले को नियंत्रित क्षेत्र की रखा गया है।

इन रास्तों पर न जाएं
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, मदर टेरेसा क्रीसेंट रोड, तालकटोरा, बाबा खड़क सिंह मार्ग, गोल डाक खाना, अशोक रोड, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, जनपथ, अकबर रोड, तीन मूर्ति मार्ग आदि क्षेत्र को रेगुलेटेड एरिया माना जाएगा। इस पूरे क्षेत्र में केवल सिविल सर्विस एस्पाइरेंट, स्थानीय निवासी, पहले इजाजत वाले और आपातकालीन वाहनों को ही आवागमन की छूट रहेगी।

सुरक्षा कड़ी, ट्विटर पर मिलती रहेगी सूचना : समारोह को देखते हुए नए संसद भवन के आसपास कड़ी सुरक्षा रहेगी। पहलवानों ने यहां महिला पंचायत की घोषणा की है, उस कारण भी सुरक्षा बंदोबस्त सख्त किए गए हैं। वाहन चालकों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस अपने ट्विटर हैंडल से भी लोगों को सूचना देती रहेगी। चालकों को वैसे तो यहां न आने की सलाह दी है, लेकिन अगर किसी को आपातकालीन स्थिति में नई दिल्ली क्षेत्र में आना है तो उन्हें वैकल्पिक मार्ग बताए जाएंगे। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील की है।

किन गाड़ियों को छूट मिलेगी
उद्घाटन समारोह के दौरान केवल सार्वजनिक परिवहन के वाहन, सिविल सर्विस एस्पाइरेंट, स्थानीय निवासी, जिन वाहनों पर पहले से स्टीकर लगे होंगे और आपातकालीन वाहनों को ही आने की छूट होगी। निजी वाहन को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों और वाहन चालकों से ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में कर्मियों की मदद करने और दिए गए निर्देशों का धैर्यपूर्वक पालन करने की अपील की है।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry