बिहार
बिहार में दक्षिणी-पश्चिमी मॉनसून का असर दिखना शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने बुधवार को पूरे बिहार में वज्रपात और मेघगर्जन की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कई जिलों में आसमान से पानी बरसने की संभावना है। वहीं, सीमांचल के तीन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले तीन दिन राज्य में बारिश संबंधी गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। बीते कुछ दिनों से स्थिर रहे मॉनसून के फिर से सक्रिय होने से राज्य में हीटवेव के हालात भी कम हो गए हैं। मौसम बदलने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक बुधवार को अररिया, किशनगंज और पूर्णिया जिले के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, राज्य के सभी जिलों में बादल गरजने और बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 24 जून तक वातावरण में नमी बढ़ने और पूर्वी-पश्चिमी हवा के मिश्रण से तीव्र वज्रपात और आंधी-तूफान की आशंका है। इस दौरान कुछ जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने के साथ तेज बारिश हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। खराब मौसम में बाहर न निकलें और बिजली चमकने के दौरान पेड़ के नीचे नहीं जाएं, पक्के मकान में शरण लें। खराब मौसम में किसान खेत में काम न करें। तूफान के दौरान घर में बिजली उपकरणों को बंद कर दें। आंधी-तूफान और वज्रपात के कारण कच्चे मकानों, टिन शेड, होर्डिंग, लंबे पेड़ के गिरने का खतरा रहता है। खेत में खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंच सकता है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

