सावधान! दिल्ली में बाढ़ की वजह से कई रास्ते बंद, निकलने से पहले देख लें ट्रैफिक एडवाइजरी

राज्य

 नई दिल्ली

दिल्ली में यमुना नदी के उफान की वजह से इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ने से कई निचले इलाके डूब गए हैं और अब बाढ़ का पानी सड़कों तक आ गया है, जिसके चलते कुछ रास्तों को बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया है। इनमें रिंग रोड, निगम बोध घाट, यमुना बाजार, मोनेस्ट्री मार्केट और भैरों मार्ग समेत कई सड़कों पर यातायात प्रभावित हो रहा है। यमुना ने अपने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। गुरुवार सुबह 7 बजे यमुना नदी का जलस्तर 208.46 मीटर दर्ज किया गया। इसे ध्यान में रखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस यातायात व्यवस्था में बदलाव कर सकती है।
 

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, यमुना का जलस्तर और बढ़ने पर बाहरी रिंग रोड में वजीराबाद से विकास मार्ग एवं महात्मा गांधी रोड पर कालीघाट से दिल्ली सचिवालय के बीच यातायात बाधित हो सकता है। इन रास्तों के बंद होने पर उत्तर से दक्षिण जाने के लिए बाहरी रिंग रोड, वजीराबाद पुल, यमुना बंधा मार्ग, पुस्ता रोड और विकास मार्ग का रास्ता लिया जा सकता है। इसके अलावा बाहरी रिंग रोड, अरिहंत मार्ग, महात्मा गांधी मार्ग होते हुए भी विकास मार्ग पहुंचा जा सकता है। पूर्व से पश्चिम दिशा में जाने वाले वाहन चालक पंजाबी बाग चौक से महात्मा गांधी मार्ग, अरिहंत मार्ग, बाहरी रिंग रोड होते हुए वजीराबाद पुल के रास्ते का इस्तेमाल कर सकते हैं।
 

400 ट्रेन रद्द की गईं : दिल्ली सहित कई राज्यों में बारिश बड़ी समस्या बनी हुई है। इस कारण बीते दिनों में उत्तर रेलवे ने लगभग 400 ट्रेन रद्द की हैं। ये ट्रेन दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू एवं कश्मीर के बीच चलनी थीं। रद्द हुई गाड़ियों के यात्रियों को बीते दो दिनों में रेलवे के टिकट काउंटर से लगभग 53 लाख रुपये लौटाए गए हैं।

ये व्यवस्था रहेगी

● रानी झांसी रोड से आईएसबीटी जाने वाले व्यावसायिक वाहनों को वीर बंदा बैरागी मार्ग से न्यू रोहतक रोड पर भेजा जाएगा

● दिल्ली में उन वाहनों की आवाजाही बंद कर दी जाएगी जिन्हें दूसरे राज्यों में जाना है, उन्हें ईस्टर्न और वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे का रास्ता इस्तेमाल करना होगा

कश्मीरी गेट बस अड्डे में पानी भरने पर यह रुट प्लान होगा

● गाजियाबाद से आने वाली बसों को सीलमपुर मेट्रो स्टेशन पर ही रोक दिया जाएगा

● गाजियाबाद से आने वाले अन्य वाहनों को पुस्ता रोड पर भेज दिया जाएगा

● वजीराबाद से मंजनू का टीला की तरफ आने वाले वाहनों को मुकरबा चौक की तरफ भेजा जाएगा

● बुलवर्ड रोड से आईएसबीटी की तरफ जा रहे वाहनों को शामनाथ मार्ग और महात्मा गांधी मार्ग पर भेजने की व्यवस्था ट्रैफिक पुलिस की तरफ से की जाएगी

● ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे इस समय यमुना किनारे वाले निचले हिस्से के आसपास न जाएं।

यमुना का जलस्तर आज से घटने लगेगा उपराज्यपाल

यमुना का जलस्तर बढ़ने के चलते लोगों को हो रही परेशानी पर उपराज्यपाल वीके सक्सेना खुद निगरानी बनाए हुए हैं। उन्होंने राहत-बचाव कार्य को निचले इलाकों में तेजी से करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने एनडीआरएफ की टीम को भी बचाव कार्य में लगाया है। बुधवार को उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने कहा कि रात तक पानी का स्तर बढ़ेगा, लेकिन गुरुवार से इसमें कमी आने लगेगी। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने बताया कि उन्होंने खुद यमुना किनारे रहने वाले लोगों से बातचीत की थी। उपराज्यपाल ने गुरुवार को डीडीएमए की बैठक बुलाई है।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry