मिजोरम में रेलवे पुल हादसा में मृतकों की संख्या हुई 18, पांच लापता और 3 लोग घायल; मुआवजे का ऐलान

देश

मिजोरम  

मिजोरम की राजधानी आइजोल से 21 किलोमीटर दूर सायरंग में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ। यहां निर्माणाधीन रेलवे पुल का गार्डर गिरने से 18 लोगों की मौत हो गई और 3 अन्य घायल हैं। अधिकारियों ने बताया कि 5 लोग लापता भी हैं। मिजोरम सूचना विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि दुर्घटना सुबह 9:45 बजे बैराबी और सैरांग रेलवे स्टेशन के बीच कुरुंग नदी पर पुल संख्या 196 पर हुई। इस दुर्घटना से पूर्वोत्तर राज्यों की राजधानियों को राष्ट्रीय रेलवे नेटवर्क से जोड़ने के केंद्र के प्रयास को लेकर झटका माना जा रहा है।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के अधिकारियों के अनुसार, पुल ढहने के वक्त 26 लोग उस पर काम कर रहे थे। दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। भारतीय रेलवे की ओर से इसकी जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। बुधवार शाम तक 16 शव बरामद हो गए, जबकि 2 अभी भी गर्डर के नीचे फंसे थे। तीन घायलों को डुर्टलांग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 16 लोगों के अवशेष असम के सिलचर भेजे जाएंगे जहां से उन्हें पश्चिम बंगाल स्थित उनके घरों सो भेज दिया जाएगा। मृतकों के लिए ताबूत आइजोल की विभिन्न यंग मिजो एसोसिएशन (YMA) शाखाओं की ओर से तैयार किए गए हैं।

कई शवों को पहचानना था मुश्किल
दरअसल, पुल का घाट 104 मीटर पर स्थित है… इसलिए जो लोग गर्डर से जमीन पर गिरे उनमें से ज्यादातर की तुरंत मौत हो गई। शाम तक बरामद किए गए लगभग सभी शवों पर गंभीर चोटों के निशान थे। कई शव इतने क्षत-विक्षत थे कि उन्हें पहचाना मुश्किल हो रहा था। पूर्वोत्तर राज्य के सीनियर अधिकारी ने बताया कि ज्यादातर मृतक पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के पुकुरिया, इंग्लिश बाजार और मानिकचक के रहने वाले थे। पश्चिम बंगाल के श्रमिकों की मौत पर शोक जताते हुए राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि उनके (मृत श्रमिकों के) शवों को लाने की व्यवस्था की गई है। बनर्जी ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों को बचाव अभियान में सहायता के लिए मिजोरम सरकार के साथ समन्वय करने का निर्देश दिया है।

2-2 लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा की। उन्होंने कहा, 'मिजोरम में पुल हादसे से दुख हुआ। उन लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। प्रार्थना करता हूं कि घायल शीघ्र स्वस्थ हों। बचाव अभियान जारी है और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता दी जा रही है।' वहीं, प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक्स पर लिखा, 'प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे। मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथांगा ने घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने बचाव अभियान में मदद करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry