आगरा
आगरा के बिजौली में दो दिन पूर्व लहूलुहान मिले बीएड के छात्र के सिर में गोली मारी गई थी। पहले उसकी आंखों पर पट्टी बांधी गयी। फिर घसीटने के बाद उसके सिर में गोली मार दी गई। यह बात परिजनों को काफी देर बाद मालूम पड़ी। करीब 50 घंटे तक छात्र एक निजी अस्पताल में मौत से संघर्ष करता रहा। बुधवार रात उसने दम तोड़ दिया।
इस सनसनीखेज वारदात को चार युवकों ने अंजाम दिया था। मौत से पहले छात्र ने दो युवकों के नाम भी बताए हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस ने टीम गठित कर दी है। बिजौली की जाटव बस्ती निवासी अभिषेक (22) पुत्र डोरीलाल बीएड का छात्र था। सोमवार रात वह एआर लाइब्रेरी में पढ़ने गया था। रात करीब 10 बजे खून से लथपथ अभिषेक रास्ते में अचेत पड़ा मिला था। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल भेजा गया था। वहां सीटी स्कैन से मालूम पड़ा कि अभिषेक के सिर में गोली अटकी है।
मृत्यु से पहले पुलिस को दिए बयान में अभिषेक ने बताया था कि चार युवक उसे आंखों पर पट्टी बांधकर घसीटते हुए ले गये थे। और फिर सिर में गोली मारकर दगड़े में पड़ा छोड़ गए। उसने दो युवकों के पुलिस को नाम भी बताए हैं। प्रभारी निरीक्षक बाह कुलदीप दीक्षित ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम गठित कर दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या का सच सामने आएगा।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

