सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल में प्रवेश

खेल

नई दिल्ली

भारतीय क्रिकेट टीम अंडर-19 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में पहुंच गई है। मेजबान साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुश्किल परिस्थिति में निकलकर भारतीय अंडर-19 टीम ने जीत हासिल की। 245 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए एक समय टीम ने 32 रन पर 4 विकेट खो दिए थे। लेकिन कप्तान उदय सहारन और सचिन धास ने 171 रनों की साझेदारी बनाकर टीम की जीत पक्की कर दी। भारतीय अंडर-19 टीम 9वीं बार टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है। यह अंडर-19 वर्ल्ड का 15वां संस्करण है।

फाइनल में भारत का रिकॉर्ड
भारतीय अंडर-19 टीम 2000 में पहली बार टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची थी। तब मोहम्मद कैफ की कप्तानी में टीम ने श्रीलंका पर जीत हासिल कर टूर्नामेंट को अपने नाम किया था। लेकिन फिर 2006 में पाकिस्तान के खिलाफ खिताबी मुकाबले में हार मिली। 2008 में विराट की कप्तानी में भारत विजेता बना तो 2012 में उन्मुक्त चंद की कप्तानी में टीम खिताब जीतने में सफल रही। 2016 से भारत लगातार फाइनल में पहुंच रहा है। अभी तक टीम 5 बार फाइनल जीती है जबकि 3 बार हार मिली।

अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत
साल    बनाम    नतीजा    अंतर
2000    श्रीलंका    जीत    6 विकेट
2006    पाकिस्तान    हार    25 रन
2008    साउथ अफ्रीका    जीत    12 रन (D/L)
2012    ऑस्ट्रेलिया    जीत    6 विकेट
2016    वेस्टइंडीज    हार    5 विकेट
2018    ऑस्ट्रेलिया    जीत    8 विकेट
2020    बांग्लादेश    हार    3 विकेट
2022    इंग्लैंड    जीत    4 विकेट

पाकिस्तान या ऑस्ट्रेलिया से भिड़ंत
इस बार फाइनल में टीम इंडिया के सामने पाकिस्तान या ऑस्ट्रेलिया की चुनौती रहेगी। इन दोनों टीमों के बीच अंडर-19 वर्ल्ड कप 2024 का दूसरा सेमीफाइनल खेला जाएगा। पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया दोनों का टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन रहा है। दोनों को अभी तक हार नहीं मिली है।

 

भारत ने जीता था टॉस
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवर में सात विकेट गंवाकर 244 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका ने 46 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद लहुआन ड्रे प्रिटोरियस ने रिचर्ड सेलेत्सवाने के साथ मिललकर तीसरे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी निभाई। प्रिटोरियस 102 गेंद में छह चौके और तीन छक्के की मदद से 76 रन की पारी खेली। फिर ओलिवर व्हाइटहेड 22 रन, डेवान मराइस ने तीन रन और कप्तान युआन जेम्स ने 24 रन बनाए।

रिचर्ड ने एक छोर संभाले रखा और अर्धशतक जड़ा। वह 100 गेंद में चार चौके और दो छक्के की मदद से 64 रन बनाकर आउट हुए। राइली नोर्टन सात रन और ट्रिस्टन लूस 12 गेंद में एक चौका और दो छक्के की मदद से 23 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से राज लिम्बानी ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। वहीं, मुशीर खान को दो विकेट मिला। नमन तिवारी और सौमी पांडे ने एक-एक विकेट लिया।

उदय और सचिन ने किया कमाल
भारत की शुरुआत काफी खराब रही। 32 रन पर उसके चार विकेट गिर गए। आदर्श सिंह खाता खोले बगैर पहली ही गेंद पर आउट हो गए। उनके बाद मुशीर खान चार रन बनाकर पवेलियन लौटे। अर्शिन कुलकर्णी 12 और प्रियांशु मोलिया पांच रन बनाकर आउट हुए। चार विकेट गिरने के बाद कप्तान उदय सहारन और सचिन दास ने पारी को संभाला और टीम की वापसी कराई। सचिन ने 95 गेंद पर 96 रन बनाए। उन्होंने 11 चौके और एक छक्का लगाया। उदय ने 124 गेंद पर 81 रन बनाए। उन्होंने छह चौके लगाए। राज लिंबानी ने आखिरी ओवरों में तेजी से चार गेंद पर 13 रन बनाकर मैच को समाप्त कर दिया। उन्होंने एक चौका और एक छक्का लगाया।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry