मुंबई
शाहिद कपूर की हालिया फिल्म ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ को दर्शकों ने खूब पसंद किया है। शाहिद पिछले 20 साल से अधिक समय से फिल्मी दुनिया में एक्टिव हैं। हालिया इंटरव्यू में उन्होंने खुलासा किया है कि दिग्गज एक्टर पंकज कपूर के बेटे होने के बावजूद उन्हें इंडस्ट्री में कोई फायदा नहीं हुआ।
2003 में शाहिद ने फिल्म इश्क विश्क से बॉलीवुड डेब्यू किया था। पहली फिल्म के पहले उन्होंने संघर्ष का लंबा सफर तय किया था। उन्होंने दिल तो पागल है और ताल जैसी फिल्मों में बतौर बैकग्राउंड डांसर काम किया था। हाल में नेहा धूपिया के चैट में शाहिद कपूर ने फिल्मी स्ट्रगल पर बात की। उन्होंने कहा कि पंकज कपूर के बेटे होने के बावजूद उन्हें आम स्ट्रगलर्स की तरह करियर की शुरूआत करनी पड़ी। उनका कहना था, 'हर कोई कहता था पंकज कपूर का बेटा है। मगर, सच बात यही है कि साइड आर्टिस्ट एक्टर्स के पास कोई पावर नहीं होता है। सिर्फ सुपरस्टार और बड़े फिल्म डायरेक्टर्स-प्रोड्यूसर्स के पास पावर होता है।' उन्होंने ऐसा इसलिए कहा क्योंकि अधिकतर फिल्मों में पंकज कपूर को साइड रोल में देखा गया था। बातचीत में शाहिद ने कहा कि शुरूआत में उन्होंने कभी किसी को बताया ही नहीं था कि वो पंकज कपूर के बेटे हैं। पेरेंट्स के अलगाव के बाद वो अपनी मां के साथ रहते थे। पहली फिल्म साइन करने के बाद उन्होंने अपने पिता को इसके बारे में बताया था। शाहिद का कहना है कि वो अपने पिता से बस जरूरी राय लेते हैं। वो उनके नाम पर इंडस्ट्री में कुछ हासिल नहीं करना चाहते थे।
उनका मानना है कि वो उसी चीज के हकदार हैं, जो उन्होंने मेहनत से हासिल की है। बाप-बेटे की इस जोड़ी को फिल्मों में भी देखा गया है। शाहिद और पंकज कपूर ने पहली बार 2011 की फिल्म मौसम में एक साथ काम किया था। फिल्म का डायरेक्शन खुद पंकज ने किया था। जबकि शाहिद ने सोनम कपूर के साथ लीड रोल प्ले किया था। बाद में दोनों ने 2015 की फिल्म शानदार और 2022 की फिल्म जर्सी में साथ काम किया था। शाहिद के वर्कफ्रंट की बात करें तो उन्हें हाल में फिल्म तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया में देखा गया था। फिल्म में उनके अपोजिट कृति सेनन नजर आई थीं। यह फिल्म 9 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की धीमी शुरूआत हुई लेकिन वर्ड ऑफ माउथ की बदौलत यह बॉक्स ऑफिस पर टिकी रहने में कामयाब रही। फिल्म ने भारत में अब तक 60.75 करोड़ रुपए का कारोबार किया है और दुनिया भर में 106 करोड़ रुपए की कमाई की है। अपकमिंग प्रोजेक्ट्स में शाहिद के पास संजय लीला भंसाली और करण जौहर की एक-एक फिल्म है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

