प्रदेश के हैंडलूम और हस्तशिल्प उत्पादों का भी प्रदर्शन

मध्य प्रदेश राज्य

भारत टेक्स-2024 में राज्य सत्र में मध्य प्रदेश का सत्र आयोजित

Bharat TEX-2024 : भारत मंडपम में मध्यप्रदेश राज्य का सत्र आयोजित किया गया

प्रदेश के हैंडलूम और हस्तशिल्प उत्पादों का भी प्रदर्शन

भोपाल

दिल्ली में चल रहे भारत टेक्स-2024 में आज वस्त्र और परिधान उद्योग से जुड़े हितधारकों, उद्योगपतियों और निवेशकों के लिए भारत मंडपम में मध्यप्रदेश राज्य का सत्र आयोजित किया गया। सत्र में मुख्य वक्ता विशाल सिंह, कार्यकारी निदेशक, मध्य प्रदेश राज्य औद्यौगिक विकास निगम ने प्रदेश के औद्योगिक परिदृश्य की जानकारी दी। पैनलिस्ट के सीआईआई मध्यप्रदेश के अध्यक्ष श्रेयस्कर चौधरी पेनलिस्ट के रूप में भी उपस्थित थे।

विशाल सिंह ने बताया कि मध्यप्रदेश में देश के  वस्त्र और परिधान  उद्योग का केंद्र बिंदु बनने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने प्रदेश की अधोसंरचना और संसाधनों को जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में 1.25 लाख एकड़ का लैंड बैंक, 24×7 बिजली उपलब्धता, 5 व्यवसायिक हवाईअड्डे और 3 लाख किलोमीटर का सड़क नेटवर्क है। देश के सभी प्रमुख औद्योगिक कॉरिडोर प्रदेश से गुजरते हैं। वर्ष 2022 की व्यापार सुगमता रैंकिंग में प्रदेश को अचीवर श्रेणी प्राप्त हुई है। प्रदेश का कपास उत्पादन में देश में 6वां स्थान है और  देश का 47% ऑर्गेनिक कॉटन का यहां उत्पादन होता है। प्रदेश मल्बरी सिल्क उत्पादन में भी अग्रणी है। ग्वालियर, उज्जैन, इंदौर, पीथमपुर और जबलपुर में परिधान क्लस्टर्स और धार में पीएम-मित्र पार्क स्थित हैं। प्रदेश में निवेशकों को विभिन्न रियायतें प्राप्त हैं,  जिससे विगत एक दशक में प्रदेश में लगभग 25 हजार करोड़ का निवेश प्राप्त हुआ है। उन्होंने निवेशकों को प्रदेश के कपड़ा और परिधान उद्योग में निवेश करने का न्योत दिया।  

विश्व की सबसे बड़ी कपड़ा प्रदर्शनी- भारत टेक्स 2024 का आयोजन 26 से 29 फरवरी 2024 तक दिल्ली के दो प्रदर्शनी केंद्रों- भारत मंडपम और यशोभूमि में किया जा रहा है, जिसका उद्घाटन गत दिवस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। इस आयोजन में नीति निर्माताओं और वैश्विक सीईओ के अतिरिक्त लगभग 100 देशों के 3500 प्रदर्शक, 3000 व्यापारिक प्रतिष्ठान तथा 40,000 आगंतुक हिस्सा ले रहे हैं। यह आयोजन संपूर्ण कपड़ा मूल्य श्रृंखला को कवर करते हुए कपड़ा क्षेत्र में भारत की वैश्विक शक्ति को प्रदर्शित कर रहा है। भारत टेक्स-2024 में मृगनयनी एंपोरियम द्वारा भारत मंडपम के हॉल-14 में प्रदेश के हैंडलूम, हस्तशिल्प और ओडीओपी उत्पादों- चंदेरी, महेश्वरी, बाग प्रिंट्स, बटिक प्रिंट्स, जरी जरदोजी और पंजदरी कार्पेट की प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जा रहा है। छतरपुर के बुनकर मातादीन आर्य प्रदर्शनी क्षेत्र में कॉटन तौलिए की बुनाई और धार जिले के शिल्पकार मोहम्मद बिलाल खत्री बाग प्रिंटिंग कला का सजीव प्रदर्शन कर रहे हैं।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry