भोपाल
खाद्य विभाग ने मध्यप्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम में अध्यक्ष को हटाकर उनके स्थान पर विभाग की अपर मुख्य सचिव स्मिता भारद्वाज को दो साल के लिए अध्यक्ष बना दिया था। अब इसमें बदलाव करते हुए उन्हें आगामी आदेश तक के लिए अध्यक्ष बनाने के आदेश जारी किए गए है।
निगम मंडलों से राजनीतिक व्यक्तियों को अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के पद से हटाने के लिए मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा आदेश जारी किए जाने के बाद सभी निगम मंडलों में विभाग के अधिकारियों को ही अध्यक्ष का प्रभार दिए जाने की प्रक्रिया शुरु हुई थी। सोलह फरवरी 2024 को खाद्य विभाग ने खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की अपर मुख्य सचिव स्मिता भारद्वाज को राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष पद पर कार्यभार ग्रहण करने से दो साल के लिए अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के आदेश जारी किए थे। लेकिन अब विभाग ने इसमें संशोधन किया है। अब एसीएस को नागरिक आपूर्ति निगम में अध्यक्ष का कार्यभार ग्रहण करने से आगामी आदेश तक ही अध्यक्ष बनाने के आदेश जारी किए गए है।
जून के बाद हो सकती है राजनीतिक नियुक्तियां
मध्यप्रदेश में निगम मंडलोें के राजनीतिक अध्यक्षों की नियुक्ति निरस्त करने के आदेश के तहत अधिकांश निगम-मंडल, प्राधिकरणों में अध्यक्षों को हटा दिया गया था। उनके स्थान पर विभाग के अधिकारियों को ही अध्यक्ष बनाया गया है। लोकसभा चुनाव के परिणाम चार जून को आ जाएंगे। इसके बाद राज्य सरकार लोकसभा, राज्यसभा और विधानसभा में सांसद, राज्य सभा सदस्य और विधायक बनने से वंचित रह गए प्रमुख राजनीतिक व्यक्तियों को निगम मंडल और प्राधिकरणों में एक बार फिर मौका देने की तैयारी में है। इसलिए दो साल की नियुक्तियों वाले आदेश को बदला जा रहा है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

