निशिकांत पर विधायक ने लगाया मारपीट का आरोप, झारखंड भाजपा में आपसी तकरार

राज्य

गोड्डा.

झारखंड लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा ने आठ सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं 'इंडिया' गठबंधन ने पांच सीटों पर कब्जा किया। पिछली बार के मुकाबले भाजपा को तीन सीटों का नुकसान हुआ है। ऐसे में चुनाव नतीजों के बाद भाजपा में अब आपसी तकरार देखने को मिल रही है। भाजपा के एक विधायक और एक सांसद के समर्थकों में हाथापाई हो गई। दिग्गज नेता निशिकांत दुबे पर भाजपा विधायक ने मारपीट का आरोप लगाया है।

दरअसल, गोड्डा लोकसभा के चुनाव परिणाम की समीक्षा को लेकर सोमवार को बुलाई गई बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। इसमें देवघर के भाजपा विधायक नारायण दास व गोड्डा के भाजपा सांसद डॉक्टर निशिकांत दुबे के समर्थकों के बीच हाथापाई हो गई। नारायण दास ने सांसद दुबे पर हंगामा और मारपीट कराने का आरोप लगाया है। कुछ लोगों का नाम लेते हुए कॉलर पकड़ लेने व गाली-गलौज का आरोप लगाया है। पार्टी के दो कार्यकर्ताओं देवाशीष चौधरी व गौतम यादव के साथ मारपीट करने का भी आरोप लगाया है। संताल परगना की तीनों लोकसभा सीटों के परिणामों की समीक्षा करने के लिए पार्टी के प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू और प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय देवघर पहुंचे हैं।

थाने तक पहुंचा मामला
कार्यकर्ता व समर्थक उनके सामने ही बवाल काटने लगे। हंगामा व मारपीट करने के साथ धमकी देने वाले के रूप में निर्मल मिश्रा व राहुल तिवारी का नाम सबसे ऊपर आ रहा है। समाचार लिखे जाने तक अलग-अलग पक्षों की ओर से तीन आवेदन नगर व कुंडा थाने में दिए जा चुके थे।

मैं 48 घंटे से अस्पताल में भर्ती हूं: निशिकांत
गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने इन आरापों पर कहा है कि मैं 48 घंटे से अस्पताल में भर्ती हूं। भाजपा के सभी प्रखंड व जिला के पदाधिकारियों से प्रार्थना है कि कोई भी प्रतिक्रिया, अमर्यादित शब्दों का प्रयोग मीडिया या सोशल मीडिया पर नहीं करें। आपसे बातचीत 20 जून के बाद होगी।

झारखंड में बनेगी मजबूत डबल इंजन सरकार- मरांडी
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को प्रदेश चुनाव प्रभारी व असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्व सरमा को प्रदेश सह प्रभारी बनाए जाने का भाजपा ने स्वागत किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि दोनों कुशल संगठनकर्ता के मार्गदर्शन में राज्य की भ्रष्ट गठबंधन सरकार को उखाड़ फेंकते हुए मजबूत डबल इंजन सरकार बनेगी।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry