श्रीनगर
जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर इन दिनों जबरदस्त ठंड की चपेट में है और यहां गुरुवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 6.0 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।
श्रीनगर में मौसम विभाग के अनुसार श्रीनगर में यह तापमान इस समय के औसत से 4.0 डिग्री सेल्सियस कम है। इससे पहले इस मौसम में श्रीनगर में सबसे कम तापमान 10 दिसंबर को शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया था। यहां बर्फबारी होने के कारण डल झील के अंदरूनी हिस्से जम गए हैं, जिसकी वजह से लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है।
कश्मीर घाटी के अलग-अलग स्थानों पर शीतलहर जारी रहने और 26 दिसंबर तक मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होने तथा कमजोर पश्चिमी विक्षोभ आने का अनुमान है । इतना ही नहीं 27 दिसंबर की रात से 28 दिसंबर की सुबह तक कुछ ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी होने के आसार हैं। पहलगाम का पर्यटक स्थल सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां गुरुवार को तापमान शून्य से 6.8 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया जबकि पिछली रात को तापमान शून्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
कश्मीर के प्रवेशद्वार शहर काजीगुंड में न्यूनतम तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट आई और बुधवार के शून्य से 5.0 डिग्री सेल्सियस कम के मुकाबले यह शून्य से 7.0 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस कम है। दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया जबकि पिछली रात यह शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस कम था, जो सामान्य से 3.27 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट में तापमान गुरुवार को लगातार दूसरे दिन शून्य से 5.0 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। कुपवाड़ा में तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज गया जबकि पिछली रात शून्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

