टीकमगढ़
मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ से सांसद और केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक ने एक अनोखी पहल की है। उन्होंने लोगों को सख्त हिदायत देते हुए अपने ऑफिस और घर में दो नोटिस चस्पा किए हैं। इसमें लिखा है कि पैर पड़ना सख्त मना है। वहीं, दूसरे में लिखा है कि जिसने पैर छुए उसके काम की सुनवाई नहीं की जाएगी।
भारत सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक हमेशा नए अंदाज में और नई सोच और पहल के लिए जाने जाते हैं। वह कभी स्कूटर पर चलते हैं तो तो कभी टैक्सी का सफर करते नजर आते हैं। कभी यह बाजार में पैदल चलकर सब्जी खरीदते देखे जाते हैं। इनका अंदाज निराला है और उनकी सहजता का हर कोई दीवाना हो जाता है। अब उन्होंने अपने बंगले पर नोटिस बोर्ड लगा रखा है। इसमें लिखा है, पैर पड़ना सख्त मना है। कोई भी उनके पैर नहीं छूएगा। उनका साफ कहना है कि यह पुरानी परंपरा है, जिसे मैं आज से खत्म करता हूं।
केंद्रीय मंत्री का कहना है जनता सर्वोपरि है, उसी की वजह से हम मंत्री, सांसद और विधायक बनते हैं। फिर कैसा गुरुर। उन्होंने कहा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कहा है, सबका साथ सबका विकास। फिर क्यों जनप्रतिनिधि जनता से पैर पड़वाते हैं। यह गलत है। इससे जनता में गलत संदेश जाता है।
उन्होंने कहा जिस जनता ने हमें इस पद और सीट तक पहुंचाया तो फिर हम उनको अपने आगे कैसे झुकने दें। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों को पैर पड़वाने वाली प्रथा को बंद कर देना चाहिए। केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक अपने कार्यालय में दूर-दूर से आने वाली जनता को कुर्सी पर बिठाकर उनकी समस्या सुनते हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

