अलकायदा का संदिग्ध आतंकी झारखंड से किया गया गिरफ्तार

राज्य

रांची
झारखंड की राजधानी रांची के चान्हो थाना क्षेत्र के चितरी गांव से शुक्रवार को अलकायदा के संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया गया है। स्पेशल सेल दिल्ली और एटीएस झारखंड टीम ने कांड संंख्या 301/24 में आरोपित शाहबाज अंसारी को गिरफ्तार किया गया है। झारखंड एटीएस के एसपी ऋषभ झा शाहबाज अंसारी के गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह को उसे गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

देश की खिलाफत करने और गंभीर आतंकी साजिश रचने को लेकर दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों और अलग-अलग राज्यों की पुलिस की मदद से वर्ष 2024 में झारखंड, दिल्ली और राजस्थान में बड़ी कार्रवाई की थी। झारखंड पुलिस के एटीएस ने अलकायदा इन इंडियन सब कॉटिनेंट के आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया था जबकि राजस्थान में ट्रेनिंग ले रहे छह संदिग्धों को भी गिरफ्तार किया था, जिसमें अधिकांश झारखंड के रहने वाले थे। मामले में शाहबाज अंसारी फरार चल रहा था।

इसी बीच झारखंड एटीएस और दिल्ली की स्पेशल सेल को यह सूचना मिली कि शाहबाज अंसारी अपने गांव चितरी आया हुआ है, जो रांची लोहरदगा के बॉर्डर पर स्थित है। जानकारी मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में अब तक झारखंड के रांची के बरियातू से डॉ इश्तियाक अहमद, हजारीबाग से फैजान अहमद, चान्हो से मो. मोदब्बीर, मो. रिजवान, मुफ्ती रहमतुल्लाह मजहिरी, मतिउर रहमान, एनामुल अंसारी और लोहरदगा के कुडू से इलताफ अंसारी को गिरफ्तार किया गया है।

पिछले वर्ष गिरफ्तार संदिग्धों में रांची के एक निजी अस्पताल में कार्यरत डॉ. इश्तियाक अहमद को मास्टरमाइंड के तौर पर चिह्नित किया गया था। उस दौरान दिल्ली पुलिस ने दिल्ली में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया था। जांच में आए तथ्यों के आधार पर 23 अगस्त, 2024 को एटीएस के साथ संयुक्त टीम ने दबिश दी। सबसे पहले हजारीबाग से एटीएस की टीम ने फैजान अहमद को गिरफ्तार किया। इसके बाद दिल्ली पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर रांची के बरियातू जोड़ा तालाब के अल हसन रेसीडेंसी में एटीएस की टीम ने दबिश दी, जहां से एटीएस की टीम ने इश्तियाक को गिरफ्तार किया था।

16 अगस्त, 2024 को एटीएस की टीम ने लोहरदगा में कुडू के हेंजला कौवाखाप गांव में छापेमारी की थी। एटीएस की टीम यहां अलताफ उर्फ इल्ताफ की तलाश में पहुंची थी लेकिन वह घर में नहीं मिला। छापेमारी के दौरान उसके घर से दो हथियार और कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए थे। इस दौरान शाहबाज के घर पर भी छापेमारी की गई थी लेकिन वह फरार मिला था।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry