300 करोड़ की योजनाओं की दी सौगात, बिहार-सुपौल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रगति यात्रा लेकर पहुंचे

राज्य

सुपौल।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रगति यात्रा के तीसरे चरण में सोमवार को सुपौल पहुंचे। यहां उनका करीब चार घंटे 10 मिनट का कार्यक्रम निर्धारित है। हालांकि, सीएम अपने निर्धारित कार्यक्रम से करीब एक घंटे की देरी से पहुंचे हैं।

कार्यक्रम के दौरान सीएम 163.845 करोड़ की 158 योजनाओं का शिलान्यास एवं 134.227 करोड़ की 52 योजनाओं का उद्घाटन किया। इसमें सबसे बड़ी सौगात वीरपुर हवाई अड्डा रहा, जहां मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग द्वारा 4.472 करोड़ की लागत से रनवे मरम्मति कराया गया है।  
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार की सुबह 10:55 बजे सीएम का हेलीकॉप्टर सुपौल सदर प्रखंड के बकौर पंचायत स्थित पूर्वी कोसी तटबंध के 72 किलोमीटर स्पर के समीप नवनिर्मित हेलीपैड पर उतरना था। लेकिन सीएम का हेलीकॉप्टर एक घंटे की देरी से पहुंचा। जहां से सीएम बकौर पंचायत के वार्ड 5 बिजलपुर पूनर्वास पहुंचे। जहां सीएम ने टोला भ्रमण के साथ ही आंगनबाड़ी केन्द्र, प्राथमिक विद्यालय, तालाब जीर्णाेद्धार का निरीक्षण और घाट सौंदर्यीकरण का उद्घाटन किया। इसके बाद सीएम ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभुकों के बीच योजना लाभ का वितरण करते हुए संवाद भी किया। इसके अतिरिक्त कई विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। बकौर के बाद सीएम त्रिवेणीगंज और पिपरा पहुंचे। जहां उन्होंने प्रस्तावित बाईपास का शिलान्यास और निरीक्षण किया। दोपहर बाद 3:05 बजे सीएम पुन: जिला मुख्यालय स्थित आईटीआई कॉलेज परिसर स्थित हेलीपैड से पटना के लिए रवाना होना है। हालांकि संभावना जताई जा रही है कि अब पटना वापसी भी एक घंटे विलंब से होगा।

डेयरी का हुआ विस्तार, सुपौल शहर में नए टाउन हॉल का उद्घाटन
पिपरा भ्रमण के बाद दोपहर 01:29 बजे सीएम जिला मुख्यालय स्थित सुधा डेयरी प्लांट पहुंचे। जहां वह चार मिनट रुके। इस दौरान उन्होंने डेयरी के विस्तारीकृत संयंत्र का शुभारंभ किया। यहां पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग द्वारा 24.13 करोड़ की लागत से दुग्ध संयंत्र की क्षमता में रोजाना 1 से 2 लाख लीटर क्षमता का विस्तार किया गया है। साथ ही दुग्ध उत्पाद संयंत्र भी लगाए गए हैं। इसके बाद सीएम नवनिर्मित टाउन हॉल पहुंचे। जहां टाउन हॉल के उद्घाटन के बाद नवनियुक्त 14 महिला पर्यवेक्षिका, 54 होमगार्ड सहित बाल गृह के संचालन के लिए नवनियुक्त 36 कर्मियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। वहीं जिला से संबंधित विकास योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे और नगर परिषद् सुपौल द्वारा किए गए तालाब के जीर्णाेद्धार का अवलोकन किया।

कलेक्ट्रेट परिसर में एक घंटे रहेंगे सीएम, करेंगे समीक्षा बैठक
दोपहर 2:00 बजे सीएम टाउन हॉल से जिला अतिथि गृह के लिए प्रस्थान कर गए। जहां कुछ देर विश्राम के बाद पुन: कलेक्ट्रेट के लिए रवाना होंगे। यहां से सीएम कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे। जहां पोखर के जीर्णाेद्धार कार्य के अवलोकन के बाद लहटन चौधरी सभागार में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक के उपरांत सीएम कलेक्ट्रेट से आईटीआई कॉलेज परिसर स्थित हेलीपैड के लिए रवाना हाे जाएंगे।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry