पंजाब
चंडीगढ़ में पी.जी.आई. में कार्यरत एक डॉक्टर दंपती पर 10 साल की गोद ली गई बच्ची के साथ मारपीट का गंभीर आरोप लगा है। बच्ची की पिटाई का वीडियो सामने आया है, जिसमें बच्ची को डंडे से पीटते हुए देखा जा सकता है। यह वीडियो 14 मई का बताया जा रहा है और हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित घर का है, जहां डॉक्टर परिवार कुछ दिनों के लिए गया था।
वीडियो में बच्ची दर्द में चिल्लाती हुई नजर आती है, जिसे पड़ोसियों ने रिकॉर्ड किया। घटना की शिकायत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, चंडीगढ़ प्रशासन, चीफ सेक्रेटरी राजीव वर्मा और प्रशासक गुलाब चंद कटारिया को दी गई, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया।
CWC के समक्ष बच्ची ने बताई सच्चाई
बच्ची को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) के समक्ष पेश किया गया, जहां उसने खुद स्वीकार किया कि उसके साथ मारपीट हुई है। हालांकि बच्ची ने यह भी कहा कि वह अपने माता-पिता के साथ ही रहना चाहती है। डॉक्टर दंपती ने भी मारपीट की बात स्वीकार की है और बताया कि यह वीडियो महिला डॉक्टर के शिमला स्थित पैतृक घर का है, जहां उसका भाई व परिवार भी रहते हैं। CWC ने बच्ची और उसके माता-पिता को 24 जून को दोबारा पेश होने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही पुलिस को एफआईआर दर्ज करने, स्कूल से बच्ची की शैक्षणिक और व्यवहार संबंधी रिपोर्ट मंगवाने तथा बच्ची की काउंसलिंग करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
चंडीगढ़ बाल अधिकार संरक्षण आयोग की चेयरपर्सन शिप्रा बंसल ने घटना पर संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों और अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस घटना ने समाज में बच्चियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

