सामाजिक सहभागिता से ही नशा मुक्त समाज का निर्माण संभव : सामाजिक न्याय मंत्री कुशवाह

मध्य प्रदेश राज्य

भोपाल 
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री श्री नारायन सिंह कुशवाह ने कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है। सामाजिक सहभागिता से ही नशा मुक्त समाज बनाया जा सकता है। मंत्री श्री कुशवाह 26 जून अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर सामाजिक न्याय दिव्यांगजन सशक्तिरण विभाग के सभागार में आयोजित नशा मुक्त भारत अभियान के राज्य स्तरीय समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मंत्री श्री कुशवाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 2047 में भारत को विश्व गुरु बनाने का जो सपना देखा है, उसको साकार करने में नशा मुक्त भारत का निर्माण महत्वपूर्ण कड़ी होगा। प्रदेश सरकार, भारत सरकार के साथ हर स्तर पर नशा मुक्त समाज निर्माण के लिये जागरूकता कार्यक्रम चला रही है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्तिगत ही नहीं सामाजिक बुराई भी है। इसलिए बिना सामाजिक भागीदारी और सक्रियता के नशा मुक्त समाज के लक्ष्य को प्राप्त नहीं किया जा सकता है।

मंत्री श्री कुशवाह ने कहा कि प्रदेश में सामाजिक न्याय दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा एक जून से 26 जून 2025 तक नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसमें स्थानीय, जिला प्रशासन के साथ स्वयं सेवी संस्थाओं, संगठनों के माध्यम से स्कूल, कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे है। अभियान के अन्तर्गत पुलिस प्रशासन के माध्यम से वाहन चालकों जागरूकता अभियान, अनुभाग और जनपद स्तर सभाओं का आयोजन शपथ ग्रहण समारोह, स्कूल, महाविद्यालयों में नशामुक्ति का संदेश वाले संस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है। मंत्री श्री कुशवाह ने कहा कि विशेष रूप से 10वीं से 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं को नशा के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाना चाहिए, उन्होंने विद्यालयों में नशा से बुराई और दुष्परिणाम विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित करने का सुझाव भी दिया। इस अभियान के तहत राष्ट्रीय नशा मुक्ति हैल्पलाइन नम्बर 14446 का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए।

प्रमुख सचिव श्री रघुराज एम.आर. ने कहा कि नशा मुक्ति के लिए जो भी लोग काम कर रहे हैं वह बधाई के पात्र है। यह समाज निर्माण का कार्य है उन्होंने कहा कि की घड़े में पानी तभी रुक सकता है जब उस घड़े के अंदर कोई छेद ना हो। इसी तरह से स्वस्थ समाज के लिए आवश्यक है तो उसमें नशा रूपी कोई छेद न हो।

उप सचिव सुश्री अंकिता धाकरे ने 1 जून से 26 जून 2025 तक चलाए गये नशा मुक्ति अभियान का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में नशा मुक्ति के क्षेत्र में कार्य कर रही संस्थाओं के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया तथा नशा न करें की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर डीआईजी म.प्र. पुलिस नारकोटिक्स विंग श्री संजीव कंचन, डॉ. नलिनी गौड़ सहित अन्य गणमान्य नागरिक विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry