अभिनेत्री तानिया के पिता से अस्पताल में मिले पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री, हमलावरों पर सख्त कार्रवाई का दिलाया भरोसा

राज्य

चंडीगढ़
दो अज्ञात लोगों के हमले में घायल डॉ. अनिल कंबोज की हालत जानने के लिए पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह रविवार को मोगा के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि ‘आप’ सरकार अपराधियों को नहीं बख्शेगी। पंजाब के मोगा जिले में शुक्रवार दोपहर दो अज्ञात हमलावरों ने पंजाबी एक्ट्रेस तानिय के पिता अनिल कंबोज पर उनके क्लीनिक में जानलेवा हमला किया था। दोनों आरोपी मरीज बनकर क्लीनिक में घुसे और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। डॉ. कंबोज की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है।

पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह रविवार को मोगा के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचे और डॉक्टर अनिल कंबोज का हालचाल जाना। उनके साथ धर्मकोट के विधायक दविंदर जीत सिंह लाड़ी, मोगा की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा, और जिले के स्वास्थ्य अधिकारी भी मौजूद थे। स्वास्थ्य मंत्री ने बाद में मीडिया से कहा, “डॉ. अनिल कंबोज की स्थिति गंभीर है। उन्हें आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया है। मैंने अस्पताल प्रबंधन से बात की है और निर्देश दिए हैं कि इलाज में कोई कमी न हो। अगर जरूरत पड़ी तो देश-विदेश से विशेषज्ञ डॉक्टरों की राय भी सरकार मुहैया करवाएगी।”

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर है और सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा, “हम नहीं चाहते कि कोई भी डॉक्टर डर के माहौल में काम करे। पुलिस इस केस की जांच में जुटी है और उम्मीद है कि आरोपी जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे।” स्वास्थ्य मंत्री ने एक्ट्रेस तानिया से भी मुलाकात की और परिवार को सरकार की ओर से हर प्रकार की मेडिकल सहायता का आश्वासन दिया। पुलिस ने बताया कि यह हमला मोगा के कोटिसेखां इलाके में उस समय हुआ, जब डॉक्टर कंबोज अपनी क्लीनिक में मरीज देख रहे थे। तभी दो युवक अंदर घुसे और फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल लाया गया, जहां उनका ऑपरेशन किया गया, लेकिन हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry