करनाल
देश की सरहद पर दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देने वाले जांबाज सैनिकों को सम्मान देने के लिए राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान (NDRI), करनाल ने एक अनोखी पहल की है। यहां सैनिकों की बहादुरी और शौर्य को नमन करते हुए 'ऑपरेशन सिंदूर पार्क' विकसित किया गया है। इस पार्क को महिलाओं के सुहाग और सौभाग्य के प्रतीक माने जाने वाले सिंदूर के पौधों से सजाया जा रहा है। इस पार्क का शुभारंभ हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (DGP) शत्रुजीत कपूर ने किया। उन्होंने पहला सिंदूर का पौधा रोपकर सैनिकों के शौर्य को सैल्यूट किया। NDRI प्रशासन ने बताया कि आने वाले समय में इस पूरे पार्क में सैकड़ों सिंदूर के पौधे लगाए जाएंगे।
ऑपरेशन सिंदूर का नामकरण
NDRI के निदेशक डॉ. धीर सिंह ने बताया कि पहलगाम में हुई आतंकी घटना के बाद भारतीय सैनिकों द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई को "ऑपरेशन सिंदूर" नाम दिया गया था। इस ऑपरेशन ने भारतीय सेना की ताकत को विश्व स्तर पर स्थापित किया। उसी बहादुरी को सलाम करने के लिए संस्थान में यह पार्क तैयार किया गया है।
शुभ माना जाता है यह पौधा
मान्यताओं के अनुसार, घर में सिंदूर का पौधा लगाना शुभ माना जाता है। इससे नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और परिवार में शांति बनी रहती है। यह पौधा वास्तु शास्त्र के लिहाज से भी सकारात्मक ऊर्जा देने वाला माना जाता है।
क्या है सिंदूर का पौधा?
सिंदूर का पौधा विक्सा ओरेलाना (Bixa Orellana) के नाम से जाना जाता है। इस पर गुच्छों में छोटे-छोटे हरे फल लगते हैं, जो पकने पर लाल हो जाते हैं। इन्हें सुखाकर पाउडर बनाया जाता है, जिसे सिंदूर कहा जाता है। भारत में यह पौधा मुख्यतः उष्णकटिबंधीय क्षेत्रों में मिलता है, जबकि इसकी अधिकता दक्षिण और मध्य अमेरिका में पाई जाती है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

