घाटशिला विधानसभा उपचुनाव: उम्मीदवारों के नामांकन की शुरुआत, 14 नवंबर को नतीजे

राज्य

रांची

झारखंड के घाटशिला (अनुसूचित जनजाति सुरक्षित) विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए सोमवार को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने यह जानकारी दी।

नामांकन पत्र पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। कुमार ने बताया कि नामांकन पत्र दाखिल करने का अंतिम समय 21 अक्टूबर तक है। नामांकन पत्रों की जांच 22 अक्टूबर को होगी जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 24 अक्टूबर है। उपचुनाव के लिए मतदान 11 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी। घाटशिला निर्वाचन क्षेत्र में 2.55 लाख मतदाता हैं, जिनमें 1.30 लाख महिला मतदाता हैं।

उल्लेखनीय है कि झारखंड के तत्कालीन शिक्षा मंत्री 62 वर्षीय रामदास सोरेन का 15 अगस्त को नई दिल्ली के एक निजी अस्पताल में निधन हो जाने के कारण घाटशिला सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। सत्तारूढ़ दल झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उपचुनाव के लिए तैयारी कर रहे हैं और इस सप्ताह वे अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर सकते हैं। ज्ञातव्य है कि रामदास सोरेन ने 2024 में पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पुत्र, भाजपा के उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन को हराकर तीसरी बार यह सीट जीती थी। रामदास ने पहली बार 2009 में यह सीट जीती थी। हालांकि 2014 में वह भाजपा के लक्ष्मण टुडू से यह सीट हार गए थे, लेकिन 2019 में उन्होंने इस पर जीत हासिल की थी।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry