हिसार.
पहाड़ों में हो रही लगातार बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में साफ दिखाई देने लगा है। ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश में दिन और रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे एक बार फिर कड़ाके की ठंड लौट आई है। बीते दो दिनों में हुई वर्षा और तेज हवाओं ने तापमान को तेजी से नीचे गिराया है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण 27 जनवरी से प्रदेश के कई हिस्सों में फिर से बूंदाबांदी या हल्की वर्षा की संभावना है। इसी बीच शुक्रवार रात को हिसार प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सफेद चादर में लिपटी प्रकृति
शुक्रवार को प्रदेशभर में हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद शनिवार सुबह जिले में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप रहा। भीषण सर्दी के चलते गांव बड़ोपल के खेतों में पाला जम गया जिससे सफेदे के पौधों पर ओस की बूंदें जम गईं।
किस जिले में कौन सा अलर्ट
ऑरेंज अलर्ट: अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत
यलो अलर्ट: पंचकूला, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, सोनीपत, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात, पलवल
29 जनवरी तक परिवर्तनशील रहेगा मौसम
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डा. मदन खीचड़ के अनुसार प्रदेश में मौसम आमतौर पर 29 जनवरी तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 27 और 28 जनवरी को आंशिक बादल छाए रहेंगे तथा कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की वर्षा हो सकती है। इस दौरान हल्की से मध्यम गति की ठंडी हवाएं चलने की संभावना है।
10 से 12 डिग्री तक गिरा तापमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार वीरवार रात और शुक्रवार को हुई वर्षा के बाद तापमान में 10 से 12 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। इससे पहले दिन का तापमान 25 डिग्री और रात का तापमान 14 डिग्री तक पहुंच गया था। हिसार के अलावा नारनौल, भिवानी, महेंद्रगढ़, सिरसा और सोनीपत में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
