पन्ना में 9 लुटेरी दुल्हन गिरोह के सदस्य गिरफ्तार, युवक से 1 लाख रुपए लूटे

मध्य प्रदेश राज्य

पन्ना 

पन्ना जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय लुटेरी दुल्हन गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह ने शादी का झांसा देकर न केवल लूटपाट की, बल्कि अपहरण जैसी वारदातों को भी अंजाम दिया।पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।

बृजपुर थाना पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह कुंवारे युवकों को शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था। फिर डरा-धमकाकर या अपहरण कर उनसे मोटी रकम वसूलता था।

दो लड़कियों और एक महिला से मिलवाया

इस गिरोह का शिकार नयागांव धरमपुर निवासी 43 वर्षीय बसंत लाल त्रिपाठी बने। शादी की तलाश में उन्होंने लल्लू चौधरी नामक व्यक्ति से संपर्क किया था। योजना के तहत 23 फरवरी को त्रिपाठी पहाड़ीखेड़ा में लड़की देखने पहुंचे, जहां उन्हें दो लड़कियों और एक महिला से मिलवाया गया।

1 लाख रुपए, टैबलेट लूट लिए

शादी के नाम पर पैसों की मांग को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद गिरोह के सदस्यों ने त्रिपाठी के साथियों को डराकर भगा दिया। सफेद स्कार्पियो में आए बदमाशों ने त्रिपाठी को अगवा कर सुनसान रास्ते पर ले जाकर जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने त्रिपाठी से 1 लाख रुपए (20 हजार नकद और 80 हजार ऑनलाइन) और एक टैबलेट लूट लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पन्ना एसपी ने टीम का गठन किया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पहाड़ीखेड़ा बस स्टैंड पर घेराबंदी कर गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सुनियोजित तरीके से लुटेरी दुल्हन का नाटक रचकर लोगों को अपना शिकार बनाते थे।

पुलिस ने आरोपियों के पास से अपराध में इस्तेमाल सामग्री बरामद की है। इसमें एक सफेद स्कार्पियो (MP 17 CB 1759), एक अपाचे बाइक, 10 मोबाइल फोन और फरियादी का लेनोवो टैबलेट शामिल है। इसके अलावा शादी के नाटक में इस्तेमाल होने वाली सौंदर्य सामग्री (साड़ी, चूड़ी, मेकअप किट आदि) भी जब्त की गई है।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

गिरफ्तार किए गए आरोपी रीवा, सतना और छतरपुर जिलों के निवासी हैं। इनमें नीरज पटेल, प्रद्युम्न साकेत, अंकित साहू, सूरज प्रजापति, सोनू अग्निहोत्री, सोनू खैरवार, ओमप्रकाश सिंह के साथ दो महिलाएं विमला और आरती साकेत शामिल हैं। गिरोह के तीन मुख्य सदस्य दिव्या उर्फ नैना, अन्नू और लल्लू चौधरी अभी फरार हैं।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry