पटना.
पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने शनिवार को दानापुर स्थित मधुविहार रेलवे कॉलोनी एवं जगजीवन स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कॉलोनी में साफ-सफाई, बुनियादी सुविधाओं एवं रेलकर्मियों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कॉलोनी की स्वच्छता व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने रेल आवासों में रहने वाले कर्मचारियों के लिए कम्यूनिटी हाल निर्माण तथा बच्चों के लिए खेल पार्क विकसित करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। इसके बाद महाप्रबंधक ने 32 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित जगजीवन स्टेडियम के जीर्णोद्धार एवं विस्तारीकरण की योजना की ड्राइंग का अवलोकन किया और अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की।
योजना के तहत स्टेडियम में आधुनिक हास्टल, पैवेलियन एवं अन्य खेल सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। महाप्रबंधक ने कहा कि स्टेडियम के उन्नयन से रेलवे कर्मचारियों, उनके परिवारों और स्थानीय युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी। इससे खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा कर्मचारियों में टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल यातायात सेवा के साथ-साथ सामाजिक एवं मानवीय विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में हाजीपुर के कोनहारा घाट रेलवे कॉलोनी में 7.14 करोड़ रुपये की लागत से अमृत भारत रेलवे स्टेडियम के निर्माण कार्य की शुरुआत की गई है, जहां क्रिकेट और फुटबाल के लिए आधुनिक मैदान विकसित किए जाएंगे। इस अवसर पर दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार सहित मुख्यालय एवं मंडल के अधिकारी उपस्थित थे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

