रणवीर सिंह की धुरंधर 2 ने पहले वीकेंड में ही धमाकेदार आगाज करके अपने इरादे बता दिए थे. अब बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का दूसरा वीकेंड बीत चुका है और एक बार फिर से धुरंधर 2 ने ऑल टाइम रिकॉर्ड बना डाले हैं. शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को 50% से ज्यादा जंप तो आया ही था, धुरंधर 2 का रविवार और भी ज्यादा दमदार रहा. रणवीर की फिल्म ने सेकंड संडे का सबसे बड़ा कलेक्शन दर्ज किया, जो 11वें दिन किसी फिल्म का सबसे बड़ा कलेक्शन भी है. अब धुरंधर 2 सिर्फ इंडिया में ही 1000 करोड़ नेट कलेक्शन करने के लिए तैयार नजर आ रही है, जो अपने आप में एक बहुत बड़ी अचीवमेंट होगी.
धुरंधर 2 का सेकंड वीकेंड कलेक्शन
शनिवार को जबरदस्त जंप के बाद, रविवार को धुरंधर 2 का कलेक्शन एक बार फिर से बढ़ा. सैकनिल्क का डेटा बताता है कि संडे को फिल्म ने 68 करोड़ से ज्यादा नेट इंडिया कलेक्शन किया है. इसमें सिर्फ हिंदी वर्जन का हिस्सा 63 करोड़ के करीब है.
बॉक्स ऑफिस पर दूसरे संडे को सबसे बड़ा कलेक्शन करने का रिकॉर्ड धुरंधर (2025) ने बनाया था, 58.20 करोड़ के साथ. अब धुरंधर 2 ने अपने ही प्रीक्वल को पीछे छोड़ दिया है. ये 11वें दिन का भी सबसे बड़ा हिंदी कलेक्शन है. इससे पहले पुष्पा 2 ने 11वें दिन सिर्फ हिंदी में 54 करोड़ कलेक्शन किया था.
संडे की कमाई से धुरंधर 2 का टोटल सेकंड वीकेंड कलेक्शन 172.7 करोड़ से ज्यादा हो गया. बॉलीवुड में सबसे बड़ा सेकंड वीकेंड कलेक्शन 146.60 करोड़ इसी के पहले पार्ट धुरंधर के नाम था. अब इस रिकॉर्ड में भी धुरंधर 2 टॉप पर है.
हिंदी में 1000 करोड़ की तैयारी
शानदार सेकंड वीकेंड के बाद धुरंधर 2 का टोटल नेट इंडिया कलेक्शन ऑलमोस्ट 847 करोड़ पहुंच चुका है. हिंदी वर्जन से फिल्म 794 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन कर चुकी है और सोमवार को 800 करोड़ के लिए तैयार है.
धुरंधर 2 हिंदी में पहली बार 1000 करोड़ कलेक्शन का लैंडमार्क पार करने के लिए तैयार नजर आ रही है. बॉलीवुड से अगली बड़ी रिलीज भूत बंगला को आने में अभी 10 दिन हैं. तब तक धुरंधर 2 बिना किसी रुकावट दमदार कलेक्शन के साथ कई बड़े रिकॉर्ड्स तोड़ने वाली है. इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1300 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है. अनुमान लगाए जा रहे हैं कि ये फिल्म बड़े आराम से 2000 करोड़ का लैंडमार्क पर करेगी.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
