जनगणना में नई शुरुआत, घर के शादीशुदा सदस्य और मुखिया की जाति के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी

राज्य

आरा.

भोजपुर जिले में होने वाली जनगणना 2027 कि तैयारी तेजी से पूरी की जा रही है। इस दौरान राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग कई प्रकार के निर्देश जारी किया है। 17 अप्रैल से स्वगणना शुरू होगी। इसमें क्या-क्या सवाल रहेंगे और इसके बाद होने वाले मकान सूचीकरण में क्या-क्या जानकारी लेनी है, इसकी गाइडलाइन जारी की गई है।

इस बार जनगणना के दौरान परिवार की बागडोर स्त्री या पुरुष के हाथों में है, इसकी पड़ताल की जाएगी। परिवार के भोजन में मुख्य अनाज क्या है, यह भी जनगणना में दर्ज किया जाएगा। मकान सूचीकरण से पहले स्वगणना होनी है। स्वगणना 17 अप्रैल से एक मई तक होनी है। मकान सूचीकरण का काम दो मई से 31 मई तक चलेगा। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने निर्देश दिया है कि घर के फर्श, छत की सामग्री, घर का उपयोग, इन सबका ब्योरा स्वगणना के दौरान लिया जाएगा। इसके अलावा घर में कितने लोग रहते हैं, एक घर में कितने विवाहित परिवार रहते हैं, इसकी भी जानकारी जुटाई जाएगी।

परिवार के मुखिया स्त्री हैं या पुरुष, इसे भी रिकॉर्ड किया जाएगा। परिवार के मुखिया की जाति को भी दर्ज करना है। वहीं, बुनियादी जरूरतों से जुड़ी 10 बिन्दुओं का रिकॉर्ड रखा जाएगा। इसमें पेयजल का स्रोत, पेयजल की उपलब्धता, प्रकाश का मुख्य स्रोत, शौचालय की सुलभता, किस प्रकार का शौचालय है, गंदे पानी के निकासी की क्या व्यवस्था है, स्नानगृह की उपलब्धता क्या है, रसोई घर की उपलब्धता (एलपीजी है या पीएनजी), खाना पकाने का मुख्य साधन क्या है और परिवार के खाने का मुख्य अनाज क्या है, इन सबकी पड़ताल की जाएगी।

ऑनलाइन माध्यम से होगी स्वगणना
स्वगणना में लोगों को खुद ही जनगणना फॉर्म को ऑनलाइन या डिजिटल माध्यम से भरना है। इसमें डिजिटल पोर्टल पर अपनी और परिवार की जानकारी जैसे नाम, उम्र, लिंग, शिक्षा और निवास स्थान दर्ज करना है। खुद जानकारी भरने में गलती कम होगी। मकान सूचीकरण के दौरान स्वगणना की सत्यता की जांच भी फील्ड अधिकारी करेंगे। फील्ड प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों की ट्रेनिंग 13 अप्रैल से शुरू होनी है।

आठ घरेलू उपकरणों की भी जुटाई जाएगी जानकारी
जनगणना के दौरान आठ घरेलू उपकरणों में से किसके पास क्या है, यह भी पता किया जाएगा। इसमें रेडियो, टेलीविजन, इंटरनेट सुविधा, लैपटाप-कंप्यूटर, टेलीफोन-मोबाइल-स्मार्ट फोन, साइकिल-स्कूटर-मोटरसाइकिल-मोपेड में क्या है, कार-जीप-वैन में क्या है, इसकी जानकारी भी जुई जाएगी। मोबाइल नंबर भी इसमें दर्ज किया जाएगा।

स्वगणना 17 अप्रैल से शुरू होगी –
जिले में तेरह अप्रैल से सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होगा। इसके लिए नया शिड्यूल्ड डीएम के द्वारा जारी किया गया है। स्वगणना इस महीने की 17 अप्रैल से शुरू होगी। सभी तैयारी डीएम के मार्गदर्शन में चल रहा है।
– मदन नारायण सिंह, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry