ब्यूनस आयर्स
स्टार गोलकीपर और पूर्व कप्तान सविता पूनिया अर्जेंटीना के खिलाफ आज से यहां शुरू होने वाली चार मैचों की श्रृंखला से 10 महीने बाद राष्ट्रीय महिला हॉकी टीम में वापसी करेंगी, लेकिन कप्तान सलीमा टेटे अस्वस्थ होने के कारण नहीं खेल पाएंगी। सविता निजी कारणों से खेल से विश्राम लेने के कारण जून 2025 के बाद से किसी प्रतियोगिता में नहीं खेली है जबकि मिडफील्डर सलीमा अभी ‘चिकन पॉक्स’ से उबर रही हैं।
यह दौरा भारत के लिए एफआईएच नेशंस कप, बेल्जियम और नीदरलैंड में इस साल होने वाले एफआईएच हॉकी विश्व कप और एशियाई खेलों को देखते हुए बेहद महत्वपूर्ण है। भारतीय महिला टीम गुरुवार शाम को अर्जेंटीना के लिए रवाना हुई। इससे पहले उसने बेंगलुरु में अभ्यास शिविर में भाग लिया था। हैदराबाद में विश्व कप क्वालीफायर 2026 में उपविजेता रहने वाली भारतीय टीम अपनी लय को बरकरार रखने की कोशिश करेगी।
सलीमा की अनुपस्थिति में अनुभवी फॉरवर्ड नवनीत कौर इस दौरे में टीम की कप्तानी संभालेंगी। नवनीत ने हाल ही में अपने शानदार प्रदर्शन के लिए हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर प्लेयर ऑफ द ईयर पुरस्कार हासिल किया था। अनुभवी भारतीय गोलकीपर सविता पूनिया की वापसी से टीम को काफी मजबूती मिलेगी। बिचु देवी खारिबाम उनके साथ गोलकीपिंग की जिम्मेदारी निभाएंगी। हाल ही में अपना 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली निक्की प्रधान और अनुभवी सुशीला चानू रक्षापंक्ति की कमान संभालेंगी।
भारतीय टीम के मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने इस दौरे के बारे में कहा, 'हम 23 खिलाड़ियों के साथ यहां आए हैं और सभी को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। हम इस दौरे का उपयोग विभिन्न टीम संयोजन को आजमाने और जीत हासिल करने के तरीके खोजने के लिए करेंगे। मैं विश्व की दूसरे नंबर की टीम के खिलाफ व्यक्तिगत और टीम के प्रदर्शन को देखने के लिए उत्सुक हूं।'
इशिका चौधरी, मनीषा चौहान, ज्योति और उदिता जैसी खिलाड़ी भी भारत की रक्षापंक्ति में शामिल हैं। सीनियर टीम में चयन होने के बाद लालथंतलुआंगी को भी अपना कौशल दिखाने का मौका मिलेगा। सलीमा के टीम से बाहर होने के कारण नेहा, वैष्णवी विट्ठल फाल्के और सुनेलिता टोप्पो पर मध्यपंक्ति की जिम्मेदारी होगी। साक्षी राणा, रुतुजा दादासो पिसल, इशिका और दीपिका सोरेंग जैसी खिलाड़ी अपनी छाप छोड़ने और टीम में अपनी जगह पक्की करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगी। अग्रिम पंक्ति में बलजीत कौर, दीपिका और ब्यूटी डुंगडुंग पर दारोमदार होगा। मुमताज खान की भी टीम में वापसी हुई है और उनकी उपस्थिति से भारतीय टीम की गोल करने की संभावना बढ़ जाएगी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

