बर्लिन
बायर्न म्यूनिख ने जर्मन फुटबॉल लीग बुंडेसलिगा में एक सत्र में सर्वाधिक गोल करने का अपना ही 54 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। लियोन गोरेत्जका का गोल बायर्न का लीग में इस सत्र का का 102वां गोल था जिससे उसने नया रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले का रिकॉड (101 गोल) भी बायर्न के नाम पर ही दर्ज था जो उसने 1971-72 में बनाया था।
बायर्न ने इस मैच में सेंट पाउली को उसके घरेलू मैदान पर 5-0 से करारी शिकस्त दी। इस जीत से बायर्न ने रियाल मैड्रिड के खिलाफ होने वाले चैंपियंस लीग मैच के लिए अपनी तैयारी का पुख्ता सबूत भी पेश किया और बोरुसिया डॉर्टमुंड पर 12 अंकों की बढ़त बनाकर बुंडेसलिगा में खिताब जीतने की अपनी उम्मीदों को मजबूत किया। प्रतियोगिता में अभी पांच दौर के मैच खेले जाने बाकी हैं।
जमाल मुसियाला ने नौवें मिनट में हेडर से गोल करके फ्रैंज बेकेनबॉयर और गेर्ड मुलर की मौजूदगी वाली बायर्न की 1971-72 की टीम के 101 गोल के रिकॉर्ड की बराबरी की। गोरेत्जका ने 53वें मिनट में वॉली से गोल करके रिकॉर्ड तोड़ दिया।
इसके ठीक एक मिनट बाद माइकल ओलिस ने गोल संख्या को 103 तक पहुंचाया। निकोलस जैक्सन ने बायर्न के लिए चौथा गोल दागा और राफेल गुएरेइरो ने इस सत्र में उसकी गोल संख्या 105 कर दी। बायर्न 29 मैच में 76 अंक लेकर शीर्ष पर काबिज है। डॉर्टमुंड 29 मैच में 64 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
