बाबा साहेब जन्म स्थली स्मारक महू में होगा विशाल समागम – मुख्यमंत्री डॉ. यादव विशेष रूप से होंगे शामिल

Spread the love

भोपाल. 
संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेड़कर की जयंती इंदौर में 14 अप्रैल को पूर्ण आस्था एवं अपार उत्साह के साथ मनाई जाएगी। डॉ. अम्बेड़कर नगर महू में स्थित उनकी जन्मस्थली पर बने भव्य स्मारक में विशाल समागम होगा। श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला लगातार जारी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विशेष रूप से इस आयोजन में शामिल होंगे।

प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी 14 अप्रैल को डॉ. अम्बेडकर जयंती उत्सव समारोह पूर्ण उत्साह, उमंग और आस्था के साथ इंदौर जिले के डॉ. अंबेडकर नगर (महू) में मनाया जा रहा है।  जयंती उत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं की मेहमानों की तरह आवभगत की जा रही है। श्रद्धालुओं के लिए आवास, भोजन, शीतल पेयजल आदि की विशेष व्यवस्था की गई है। जन्म स्थली पर बने भव्य स्मारक पर विशेष साज-सज्जा की गई है।

अम्बेडकर जयंती उत्सव समारोह में मध्यप्रदेश सहित अन्य प्रदेशों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं। श्रद्धालुओं के आगमन का सिलसिला 12 अप्रैल की शाम से शुरू हो गया है। श्रद्धालुओं के भोजन की व्यवस्था स्वर्ग मंदिर परिसर में की गई। उक्त भोजन व्यवस्था  14 अप्रैल की शाम तक जारी रहेगी। भंतो के भोजन की व्यवस्था माहेश्वरी स्कूल में की गई है तथा उनके रूकने की व्यवस्था भी माहेश्वरी स्कूल में है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये पर्याप्त संख्या में अस्थाई शौचालयों का निर्माण भी किया गया है। पेयजल व्यवस्था के लिये विभिन्न स्थानों पर प्याऊ का निर्माण किया गया है। अम्बेडकर जयंती के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं के रूकने के लिये धर्मशालाओं, केन्ट बोर्ड हायर सेकेण्डरी स्कूल एवं केन्ट बोर्ड कन्या स्कूल में की गई है। इसके अलावा तीन विशाल डोम भी ठहरने के लिए बनाए गए हैं।

व्यवस्था के लिये कार्यक्रम स्थलों को 7 सेक्टर में विभाजित किया गया है। यह सेक्टर महेश्वरी स्कूल महू, डॉ. अम्बेडकर जन्म स्थली, केन्ट प्रायमरी स्कूल, स्वर्ग मंदिर परिसर, रेल्वे स्टेशन से सात रास्ता, केन्ट बोर्ड कन्या विद्यालय तथा उत्कृष्ट विद्यालय महू में बनाये गए हैं। उक्त 7 सेक्टरों में दल का गठन कर सभी विभागों के व्यक्तियों की ड्यूटी लगाई गई है। उक्त 7 सेक्टरों पर मराठी भाषी शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है, जिससे कि आने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा न हो। कार्यक्रम की व्यवस्था के लिये 3 स्थानों पर कन्ट्रोल रूम बनाए गए हैं। यह कंट्रोल रूम तहसील परिसर महू, अम्बेडकर जन्म स्थली स्मारक तथा स्वर्ग मंदिर परिसर में रहेंगे।

महू में जयंती समारोह में 6 स्थान पर आकस्मिक चिकित्सा की विशेष व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सकों का दल गठन कर ड्यूटी लगाई गई है। कार्यक्रम के दौरान साफ-सफाई के लिये इन्दौर नगर निगम एवं स्थानीय निकाय का अमला तैनात किया गया है। समारोह में अग्निशमन की भी व्यवस्था रहेगी।

कलेक्टर वर्मा ने महू पहुँचकर लिया व्यवस्थाओं का जायजा
कलेक्टर शिवम वर्मा डॉ. अम्बेड़कर नगर (महू) पहुँचे। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने समारोह के लिए विभिन्न प्रान्तों से आए श्रद्धालुओं से चर्चा की और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर वर्मा ने श्रद्धालुओं के लिए की गई सभी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसी व्यवस्थाएं बनायी रखी जाए, जिससे कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।  

Related Articles

Back to top button