बारिश का इंतजार बढ़ा! पंजाब में तापमान चढ़ा, फरीदकोट सबसे गर्म; 12 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी

राज्य

चंडीगढ़ 
पंजाब में मानसून अगले दो से तीन दिनों में फाजिल्का और मुक्तसर के शेष हिस्सों तक पहुंच जाएगा। इसके साथ ही पूरा पंजाब मानसून की चपेट में आ जाएगा। विभाग ने 12 जुलाई तक राज्य में बारिश की अच्छी गतिविधियों का पूर्वानुमान जताया है। मंगलवार को अधिकतर स्थानों पर मौसम शुष्क रहा, हालांकि कुछ जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई। बारिश सीमित रहने के कारण गर्मी का असर बना रहा और राज्य में अधिकतम तापमान 1.3 डिग्री बढ़ गया। फरीदकोट में पारा 42.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने अगले 48 घंटे अहम बताते हुए आज और 9 जुलाई के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। आज पंजाब के 21 जिलों में बारिश की संभावना है। इनमें 6 जिलों पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और मोहाली में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।

वहीं, गुरदासपुर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला, संगरूर और पटियाला में कई स्थानों पर, जबकि तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा और बठिंडा में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। आसमान में बादल छाए रहेंगे।

मौसम विभाग की तरफ से पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और मोहाली में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं गुरदासपुर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, पटियाला, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा और बठिंडा में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 
मौसम विभाग का कहना है कि फाजिल्का और मुक्तसर के कुछ हिस्सों को छोड़कर तीन जुलाई तक मानसून राज्य के अधिकतर इलाकों में पहुंच चुका है। आगामी दिनों में बारिश का दायरा बढ़ने से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है। 

बिजली की मांग 15 हजार मेगावाट
गर्मी अधिक होने की वजह से मंगलवार को बिजली की मांग 15,003 मेगावाट दर्ज की गई। इस दौरान राज्य का अपना बिजली उत्पादन 4,673 मेगावाट रहा, जबकि केंद्रीय पूल से 10,578 मेगावाट बिजली निर्धारित कराई गई। वहीं, ग्रिड की फ्रीक्वेंसी 50.05 हर्ट्ज दर्ज की गई।

बांधों में जलस्तर
भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) के मुताबिक 7 जुलाई को भाखड़ा बांध का जलस्तर 1,567.02 फीट दर्ज किया गया। बांध में 38,018 क्यूसेक पानी आया, जबकि 23,229 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। वहीं, पौंग बांध का जलस्तर 1,318.71 फीट रहा। इसमें 17,875 क्यूसेक पानी की आवक दर्ज हुई, जबकि 15,500 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।

सारे हिस्सों में पहुंच जाएगा मानसून
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक अगले 2 से 3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के पंजाब के बाकी हिस्सों में भी पूरी तरह फैलने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। अब केवल दो जिले ही शेष हैं। मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है और इसके असर से राज्य के अधिकांश इलाकों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। इसके चलते लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी। साथ ही, एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है, जिससे मानसून को मजबूती मिलेगी और अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर बना रह सकता है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry