बरनाला.
बरनाला में 22 जुलाई को सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज के मामले में मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश के बाद डीएसपी सतवीर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसकी पुष्टि संगरूर से सांसद व आप नेता गुरमीत सिंह मीत हेयर ने अपने फेसबुक अकाउंट पर की है।
उन्होंने उक्त घटना को अत्यंत निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि इस मामले पर मुख्यमंत्री भगवंत मान से विस्तार से चर्चा की गई। बातचीत के दौरान पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित डीएसपी सतवीर सिंह बैंस को निलंबित कर दिया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जाएगी। उल्लेखनीय है कि बरनाला में सफाई कर्मचारी स्थायी नौकरी और वेनन वृद्धि की मांग को लेकर गत आठ जुलाई से लगातार आंदोलन कर रहे हैं।
बीजेपी ने आप और कांग्रेस को घेरा
उधर, बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज को लेकर भाजपा व कांग्रेस ने आप सरकार को घेरा है और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि इस अत्याचार ने आप सरकार का गरीब और दलित विरोधी चेहरा उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय आम आदमी पार्टी ने सभी कर्मचारियों को पक्का करने की गारंटी दी थी, लेकिन उन्हें नियमित करना तो दूर, अब अपने अधिकार मांगने पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी पटियाला में रोजगार की मांग कर रहे बेरोजगार युवाओं पर लाठीचार्ज किया गया था और खन्ना में मनरेगा कर्मचारियों को भी बेरहमी से पीटा गया था। अब पंजाब में अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण संघर्ष करना भी अपराध बना दिया गया है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
