धनबाद
जिले में भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का निर्धारित चरण पूरा हो गया है। 30 जुलाई की रात 10:30 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार धनबाद की सभी छह विधानसभा सीटों में शत-प्रतिशत ईएफ फॉर्म का वितरण सुनिश्चित किया जा चुका है।
जिले के कुल 21,15,997 मतदाताओं से फॉर्म प्राप्त किए गए हैं। इनमें 16,52,203 फॉर्म का डिजिटलीकरण पूरा हो चुका है। शेष 4,63,794 फॉर्म को अनकलेक्टेबल श्रेणी में रखा गया है। इन दोनों को मिलाकर फॉर्म की प्रक्रिया शत-प्रतिशत पूरी मानी गई है।
निर्वाचन कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार जिले में वास्तविक डिजिटलीकरण 78.08 प्रतिशत हुआ है। विधानसभा स्तर पर सबसे अधिक 86.24 प्रतिशत डिजिटलीकरण टुंडी विधानसभा क्षेत्र में हुआ है।
इसके बाद सिंदरी में 85.44 प्रतिशत, निरसा में 83.52 प्रतिशत, बाघमारा में 79.80 प्रतिशत, झरिया में 68.30 प्रतिशत और धनबाद विधानसभा क्षेत्र में 68.12 प्रतिशत फॉर्म का डिजिटलीकरण किया गया है।
विधानसभावार स्थिति
विधानसभा क्षेत्र कुल मतदाता डिजिटलीकरण हुए फॉर्म
सिंदरी 3,69,125 3,15,383
निरसा 3,36,957 2,81,443
धनबाद 4,76,297 3,24,430
झरिया 3,04,805 2,08,190
टुंडी 3,25,525 2,80,744
बाघमारा 3,03,288 2,42,013
5 अगस्त को आएगी प्ररूप मतदाता सूची
एसआईआर के अगले चरण में पांच अगस्त को प्ररूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद मतदाताओं को अपने नाम, पते और अन्य विवरण की जांच करने का अवसर मिलेगा। किसी प्रकार की त्रुटि या आपत्ति होने पर निर्धारित अवधि में दावा और आपत्ति दाखिल की जा सकेगी।
प्रशासन के अनुसार 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इन दावों और आपत्तियों की सूचना एवं उनके निपटारे की प्रक्रिया 5 अगस्त से 3 अक्टूबर तक चलेगी। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
बीएलओ का घर-घर अभियान पूरा
एसआईआर के तहत बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं से संबंधित फॉर्म उपलब्ध कराने और प्राप्त करने का अभियान 30 जून से 29 जुलाई तक चलाया गया।
वहीं, मतदान केंद्रों के युक्तिकरण की प्रक्रिया भी 29 जुलाई तक पूरी कर ली गई। अब निर्वाचन विभाग की नजर पांच अगस्त को प्रकाशित होने वाली प्ररूप मतदाता सूची पर है, जिसके बाद दावा-आपत्ति की प्रक्रिया शुरू होगी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
