फतेहाबाद.
फतेहाबाद के न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। सेशन कोर्ट की आधिकारिक ई-मेल पर धमकी भरा संदेश मिलने के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों को सक्रिय कर दिया गया।
एहतियात के तौर पर पूरे कोर्ट परिसर को दोपहर एक बजे तक खाली करा दिया गया तथा मुख्य प्रवेश द्वारों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। धमकी की सूचना मिलते ही हिसार से डॉग स्क्वॉयड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। टीम ने कोर्ट परिसर के सभी भवनों, कोर्ट रूम, कार्यालयों और आसपास के क्षेत्र की गहन तलाशी शुरू की। पुलिस किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं कर रही है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
एसपी ने किया निरीक्षण
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर मौके पर पहुंचीं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ जांच करने के निर्देश दिए। सिटी थाना प्रभारी सुरेंद्रा अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी करते रहे।
छह माह पहले भी मिली थी धमकी
करीब छह माह पहले भी फतेहाबाद के लघु सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी ई-मेल के माध्यम से मिली थी। उस समय डीसी की ई-मेल पर सुबह धमकी भरा संदेश आने के बाद प्रशासन ने पूरे परिसर को खाली कराकर व्यापक तलाशी अभियान चलाया था। बाद में जांच में वह धमकी फर्जी साबित हुई थी। इस बार भी पुलिस ई-मेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल जांच पूरी होने तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
