सीएम योगी के मंच के पास ड्रोन उड़ाने पर युवक पकड़ा, पुलिस ने की पूछताछ

उत्तर प्रदेश राज्य

 मेरठ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मेरठ पहुंचे। मुख्यमंत्री ने मोदीपुरम पहुंचकर कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और भगवान शिव के भक्तों की आस्था को नमन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल के पास ड्रोन उड़ाने वाले एक युवक को पुलिस ने पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद युवक ड्रोन उड़ा रहा था। पुलिस अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ क्षेत्र के सांसद, विधायक और मंत्री भी मौजूद रहे।

जनप्रतिनिधियों ने भी कांवड़ियों का स्वागत किया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। कार्यक्रम स्थल और आसपास के कांवड़ मार्ग पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। मोदीपुरम में मुख्यमंत्री के पहुंचते ही हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। मुख्यमंत्री ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका उत्साह बढ़ाया। कांवड़ियों ने भी मुख्यमंत्री का अभिवादन किया।

सीएम के मंच के आसपास ड्रोन उड़ा रहा था युवक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के दौरान मंच के आसपास ड्रोन उड़ाने वाले युवक को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस अधिकारी उससे पूछताछ जुट गए। बताया जा रहा है कि बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद वह ड्रोन उड़ा रहा था, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

योगी के आगमन को लेकर अलर्ट मोड पर था प्रशासन
इससे पहले मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया था। मोदीपुरम रैपिड स्टेशन के सामने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए मंच बनाया गया था। वहीं, मुख्यमंत्री के आगमन के लिए शोभित विश्वविद्यालय परिसर में हेलीपैड तैयार किया गया। एलआईयू, एंटी-सबोटाज और बम निरोधक दस्ता लगातार क्षेत्र की जांच कर रहा था। शुक्रवार को एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर, कमिश्नर भानु चंद्र गोस्वामी, डीआईजी कलानिधि नैथानी, डीएम डॉ. वीके सिंह, सीडीओ नूपुर गोयल और एसएसपी अविनाश पांडेय ने कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान एसपी सिटी ने ड्रोन कैमरे के माध्यम से मोदीपुरम से रुड़की रोड तक कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही, यातायात संचालन और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की।

औघड़नाथ मंदिर का जिम्मा एटीएस को मिला
उधर, शहर के प्रसिद्ध औघड़नाथ मंदिर और पुरा महादेव मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा एटीएस के हवाले रहेगा। सात लेयर में सुरक्षा प्लान की गई है। मंदिर परिसर के अंदर गर्भ गृह से लेकर मुख्य गेट तक एटीएस रहेगी, जबकि इसके बाहर और आसपास का इलाका पुलिस-पीएसी और आरएएफ संभालेगी। दोनों मंदिरों पर कंट्रोल रूम बनाने का काम भी रविवार तक पूरा हो जाएगा। इसके अलावा ड्रोन एक्सपर्ट की टीम भी लगाई जा रही है। मंदिर परिसर से सौ मीटर का दायरा नो-व्हीकल जोन बनाया जाएगा।

कांवड़ यात्रा 2026 में सुरक्षा संभालने के लिए एटीएस को लगाया गया है। पूरे वेस्ट यूपी में नोएडा से लेकर मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और उत्तराखंड बार्डर तक एटीएस की अलग-अलग टीम को तैनात कर दिया है। इसके अलावा एसटीएफ भी लगातार हर इनपुट पर नजर बनाए हुए हैं। अब एटीएस को औघड़नाथ मंदिर और पुरा महादेव मंदिर की सुरक्षा का भी जिम्मा दिया है। दोनों मंदिर में शिवरात्रि पर सुरक्षा के लिए एटीएस लगाई जा रही है। मंदिर परिसर के अंदर गर्भ गृह, परिसर, कंट्रोल रूम और मंदिर के मुख्य गेट तक एटीएस का पहरा रहेगा। मुख्य गेट के बाहर, रैलिंग और सड़क पर तमाम व्यवस्था तीन लेयर में पुलिस-पीएसी और आरएएफ देखेगी।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry