लखनऊ
उत्तर प्रदेश के परिषदीय स्कूलों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में बच्चों के लिए अब पढ़ाई का तरीका थोड़ा अलग होगा। इसी महीने से स्कूलों में बैगलेस डे शुरू किया जा रहा है। इन खास शनिवारों को बच्चे बिना स्कूल बैग के आएंगे और खेल, कला, विज्ञान, स्वास्थ्य, तकनीक समेत कई गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। बेसिक शिक्षा विभाग ने सत्र 2026-27 के लिए 10 बैगलेस डे का कैलेंडर जारी किया है।
उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए बड़ी खबर है। अब कुछ शनिवार बच्चों के लिए पढ़ाई के साथ-साथ मस्ती और नई चीजें सीखने के नाम रहेंगे। परिषदीय स्कूलों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) में बैगलेस डे की शुरुआत इसी महीने से होगी। इस दिन बच्चों को स्कूल बैग लेकर आने की जरूरत नहीं होगी। बेसिक शिक्षा विभाग ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए 10 बैगलेस डे का कैलेंडर जारी किया है। इसका उद्देश्य बच्चों को किताबों से अलग व्यावहारिक गतिविधियों के जरिए नई चीजें सिखाना है। स्कूलों में इन दिनों को ‘मस्ती की पाठशाला’ के तौर पर आयोजित किया जाएगा।
22 अगस्त से होगी शुरुआत
22 अगस्त, चौथे शनिवार को बच्चों के लिए मिट्टी के खिलौने बनाना, स्थानीय कारीगर के साथ कौशल कार्यशाला या कला एवं शिल्प प्रदर्शनी में से कोई एक गतिविधि कराई जाएगी। इसके बाद 29 अगस्त को औषधीय पौधों का उद्यान तैयार करने, कंपोस्ट और वर्मी कंपोस्ट बनाने या स्कूल में किचन गार्डन विकसित करने की गतिविधि होगी
सितंबर में भी होंगी खास गतिविधियां
12 सितंबर को बच्चों को जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन के बारे में बताया जाएगा। 19 सितंबर को स्वास्थ्य सुरक्षा के साथ गुड टच और बैड टच की जानकारी दी जाएगी। 26 सितंबर को पतंग बनाने और उड़ाने के साथ विज्ञान व STEM मॉडल प्रतियोगिता कराई जाएगी।
अक्टूबर में वित्तीय ज्ञान से AI तक
3 अक्टूबर को बच्चों को वित्तीय साक्षरता और मिनी बैंक की गतिविधि से जोड़ा जाएगा। 10 अक्टूबर को डूडलिंग, दृश्य रचनात्मक कार्यशाला, भित्ति चित्र, संगीत और नाटक जैसी गतिविधियां होंगी। 17 अक्टूबर को फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी सिखाई जाएगी। 24 अक्टूबर को बच्चे निर्माण स्थलों और सार्वजनिक सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल करेंगे। वहीं 31 अक्टूबर को उन्हें AI, रोबोटिक्स और दूसरी नई तकनीकों से परिचित कराया जाएगा। इसके अलावा 14 नवंबर को बाल दिवस के मौके पर स्कूलों में बाल मेला आयोजित किया जाएगा। महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने सभी संबंधित अधिकारियों को तय कैलेंडर के अनुसार गतिविधियां कराने के निर्देश दिए हैं।
बेसिक शिक्षा अधिकारी बोले-नई चीज़ सीखने के लिए बैगलेस डे
गोंडा जिले के बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि बच्चों को मौज मस्ती के साथ कुछ नई चीज़ सीखने के लिए पूरे वर्ष में 10 दिन बैगलेस डे का आयोजन किया गया है।इसमें बच्चों को तकनीक से लेकर वित्तीय ज्ञान तक की जानकारी दी जाएगी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
