भरी सभा में गरमाया माहौल! थलपति विजय के विधायक ने कांग्रेस सांसद से कहा- ‘दीया पहले मैं जलाऊंगा’

राजनीती

चेन्नई 

थलपति विजय की टीवीके के विधायक और कांग्रेस के राज्यसभा सांसद के बीच दीया जलाने को लेकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि TVK विधायक नवलपट्टू विजी ने कांग्रेस सांसद क्रिस्टोफर तिलक के हाथ से मोमबत्ती नीचे गिरा दी। घटना के दौरान मंच पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। कार्यक्रम में तमिलनाडु सरकार के हिंदू धार्मिक व धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के मंत्री एस. रमेश भी मौजूद थे। उन्होंने दोनों नेताओं को शांत कराने की कोशिश की।

दरअसल, त्रिची में एकीकृत बाल विकास सेवा (ICDS) की ओर से सामुदायिक गोद भराई कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में मंत्री एस. रमेश के अलावा थिरुवेरुम्बुर से टीवीके विधायक नवलपट्टू विजी, कांग्रेस के राज्यसभा सांसद क्रिस्टोफर तिलक और दूसरे जनप्रतिनिधि मौजूद थे। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप जलाकर की जा रही थी। पहले मंत्री रमेश ने दीप जलाया और इसके बाद जिला कलेक्टर प्रतीक दयाल ने दीप प्रज्ज्वलित किया। इसी दौरान कांग्रेस सांसद को मोमबत्ती दी गई, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।

टीवीके विधायक किस बात से हो गए नाराज
बताया जा रहा है कि टीवीके विधायक इस बात से नाराज थे कि कार्यक्रम में प्रोटोकॉल के मुताबिक उन्हें दीप जलाने का मौका नहीं दिया गया। जब कांग्रेस सांसद क्रिस्टोफर दीप जलाने के लिए आगे बढ़े और मोमबत्ती विजी की तरफ बढ़ाई गई, तो विधायक ने मोमबत्ती लेने के बजाय उसे नीचे गिरा दिया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच बहस भी हुई। मंच पर मौजूद मंत्री रमेश ने दखल देकर स्थिति संभालने की कोशिश की। बाद में कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया और दीप जलाने की रस्म पूरी की गई।

गठबंधन के बावजूद राजनीतिक खींचतान
इस घटना ने टीवीके और कांग्रेस के बीच स्थानीय स्तर पर चल रही राजनीतिक खींचतान को भी चर्चा में ला दिया है। दोनों दल तमिलनाडु में एक ही गठबंधन का हिस्सा हैं, लेकिन सार्वजनिक कार्यक्रम में नेताओं के बीच हुआ यह विवाद अब राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। तमिलनाडु में विधानसभा उपचुनाव से ठीक पहले सामने आए इस घटनाक्रम को लेकर भी कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, मंत्री एस. रमेश ने बाद में कहा कि दोनों नेताओं के बीच कोई समस्या नहीं है। घटना का वीडियो सामने आया है और सोशल मीडिया पर लोग इसे लेकर तरह-तरह की टिप्पणियां कर रहे हैं। ज्यादातर का कहना है कि गठबंधन के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry