भोपाल
भारत का दिल ‘मध्यप्रदेश’ ऐतिहासिक, पुरातात्विक, सांस्कृतिक सहित सभी दृष्टि से सुंदर और समृद्ध है। शरीर में जैसे सबसे अधिक महत्व ह्रदय का होता है, वैसे ही यदि भारत की संस्कृति एवं संस्कार को समझना है तो आपको मध्यप्रदेश आना होगा। पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री सुश्री उषा बाबू ठाकुर मलेशिया के कुआलालंपुर में टूरिज्म रोड -शो में ट्रेवल एजेंट्स, टूर ऑपरेटर्स, मीडिया सहित अन्य हितधारकों को संबोधित कर रही थी। मलेशिया में भारतीय उच्चायुक्त श्री बी.एन.रेड्डी भी मौजूद थे। मंत्री सुश्री ठाकुर ने प्रदेश के पर्यटन स्थलों की जानकारी देते हुए मलेशिया के सभी नागरिकों और प्रवासी भारतीयों को मध्यप्रदेश आने के लिए आमंत्रित किया।
मंत्री सुश्री ठाकुर ने कहा कि 9 जनवरी को भारतीय प्रवासी दिवस के आयोजन का सौभाग्य इस बार मध्यप्रदेश को प्राप्त हुआ है। इसके लिये 2 अक्टूबर से पंजीयन शुरू होने वाले है। पर्यटन विभाग आगंतुक नागरिकों के लिए प्रदेश के बुद्ध सर्किट, ओंकार सर्किट, शक्तिपीठ सर्किट, तीन यूनेस्को धरोहर सर्किट आदि को टूर पैकेज में शामिल करने के लिए कार्य कर रहा है। सभी पर्यटक अपने पंजीयन के समय ही अपनी पसंद अनुसार टूर पैकेज का चयन कर सकेंगे। पर्यटन विभाग आपको अधिक सेवा, सुरक्षा और सुव्यवस्था का वचन देता है।
प्रमुख सचिव पर्यटन और संस्कृति एवं प्रबंध संचालक टूरिज्म बोर्ड शिव शेखर शुक्ला ने राज्य के प्राकृतिक सौंदर्य, विशेष रूप से आकर्षक जल-संरचनाओं, बाँधों पर होने वाली विभिन्न रोमांचक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीय दिवस देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का समापन लकी ड्रा के साथ हुआ, जिसमें विजेताओं को पुरस्कार स्वरूप मध्यप्रदेश भ्रमण का 4 दिन और 3 रात का पैकेज दिया गया। भारतीय उच्चायोग की प्रथम सचिव सुश्री सी. सुषमा सहित एमआईटीटीए के अध्यक्ष दातो थंगावेलु, जीओपीआईओ के अध्यक्ष गुनसेकरन और एमएटीटीए के गणेश रामास्वामी सहित मलेशिया के टूर और ट्रैवल एजेंट उपस्थित रहें।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

