झांसी
उत्तर प्रदेश के झांसी में एक युवक की निर्मम तरीके से हत्या होने का मामला सामने आया है। हत्यारों ने युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। फिर एक हाथ की सभी पांचों उंगलिया भी काट डाली। काम को अंजाम देने के बाद आरोपियो ने नहर किनारे रक्तरंजित हालात में लाश फेंककर भाग निकले। एसपी सिटी ने फॉरेसिंक टीम के साथ मौके पर मुआयना किया।
ये घटना सकरार के जावन गांव का है। 36 साल का करन कुशवाहा रविवार तड़के करीब पांच बजे घर से खेतों की ओर निकला था। नहर किनारे कुछ लोगों ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया। हत्यारों ने न केवल उनका गला रेता बल्कि बाएं हाथ की पांचों उंगलियां भी काट दीं। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने नहर किनारे करन का शव पड़ा देखा। सूचना मिलने पर एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार, सीओ टहरौली अरुण कुमार चौरसिया थाने की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे।
गांववालों ने प्रेम-प्रसंग में हत्या की आशंका जाहिर की। करन कुछ समय पहले एक किशोरी को फुसलाकर ले गया था। जिस पर पुलिस ने किशोरी को बरामद कर संरक्षण गृह भेजा था। बालिग होने पर वह बाहर आयी तो करन के साथ ही रहने लगी थी। ग्रामीणों के अनुसार राजा भैया कुशवाहा का करन इकलौता बेटा था। उसकी चार बेटियां जयमाला (13), दीपिका (8), माही (6), श्रृष्टि (1) हैं।
जांच के बाद ही होगा स्पष्ट हत्या का कारण
पुलिस द्वारा अब तक की गई जांच में हत्या का ठोस कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। न ही कोई पुरानी रंजिश बताई जा रही है। सकरार थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि अभी तक परिजनों की तरफ से किसी तरह की शिकायत नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

