भोपाल.
मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने आज अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी, जिसमें गांधी परिवार के तीन सदस्यों सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी के अलावा पार्टी के युवा नेता कन्हैया कुमार का नाम भी शामिल है। सूची में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, पार्टी के प्रदेश प्रभारी रणदीप सुरजेवाला, नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह, वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, सुरेश पचोरी, कांतिलाल भूरिया, अरुण यादव के भी नाम शामिल हैं।
प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के सांसद पुत्र नकुलनाथ ने भी कांग्रेस की स्टार प्रचारकों की सूची में जगह बनाई है। मध्यप्रदेश चुनाव के लिए कांग्रेस शासित अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों का नाम भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के भूपेश बघेल और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी राज्य में कांग्रेस का प्रचार करने आएंगे।
राजस्थान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट और उत्तरप्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राज बब्बर भी मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए वोट मांगेेंगे। मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्रियों जीतू पटवारी, कमलेश्वर पटेल, ओंकार सिंह मरकाम, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह और सांसद विवेक तन्खा एवं राजमणि पटेल को भी पार्टी ने प्रदेश में अपना स्टार प्रचारक घोषित किया है। प्रदेश में कांग्रेस का जाना-माना चेहरा मीनाक्षी नटराजन ने भी इस सूची में जगह बनाई है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

