हरियाणा
हरियाणा सरकार ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री आरती सिंह राव के नेतृत्व में "चिरायु आयुष्मान भारत योजना" का दायरा बढ़ा दिया है। यह विस्तार प्रदेश के सभी निवासियों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने बताया कि अब 3 लाख से अधिक और 6 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवार भी योजना का लाभ ले सकेंगे। ऐसे परिवारों को सालाना ₹4,000 का अंशदान देना होगा। वहीं 6 लाख रुपये से अधिक आय वाले परिवार ₹5,000 के वार्षिक अंशदान के साथ इस योजना के पात्र होंगे। इससे पहले, परिवार पहचान पत्र (PPP) के अनुसार ₹1.80 लाख से ₹3 लाख आय वाले परिवार ₹1,500 वार्षिक अंशदान देकर योजना से जुड़ सकते थे।
यह योजना प्रति परिवार प्रत्येक वर्ष ₹5 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान करती है, जिससे लाभार्थी राज्यभर के सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में कैशलेस इलाज प्राप्त कर सकते हैं। योजना में आयु या परिवार के आकार की कोई सीमा नहीं है, जिससे परिवार के सभी सदस्य कवर होते हैं। पूरी तरह डिजिटल, पेपरलेस और पारदर्शी इस योजना को प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के दिशानिर्देशों के अनुसार संचालित किया जा रहा है। इसमें विभिन्न बीमारियों और प्रक्रियाओं के लिए व्यापक स्वास्थ्य लाभ पैकेज शामिल हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह फैसला न केवल सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, बल्कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के "स्वस्थ हरियाणा" के विजन को भी साकार कर रहा है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि योजना का यह विस्तार नीतिगत दूरदर्शिता और प्रदेशवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

