रांची
झारखंड के 11 जिलों में 21 अगस्त से भारी बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि 20 अगस्त तक राज्य के अधिकतर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। आईएमडी के मौसम बुलेटिन के अनुसार हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में भारी बारिश की संभावना है। बुलेटिन में कहा गया है, ‘‘राज्य के पूर्वोत्तर और मध्य भागों में 21 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है। राज्य के कुछ हिस्सों में यह 23 अगस्त तक जारी रह सकती है।''
झारखंड में 1 जून से 17 अगस्त के बीच 29 प्रतिशत अतिरिक्त बारिश दर्ज की गई। इस अवधि के दौरान राज्य में सामान्य 678.3 मिलीमीटर की तुलना में 878.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। पूर्वी सिंहभूम जिले में सबसे अधिक 80 प्रतिशत अतिरिक्त वर्षा दर्ज की गई, उसके बाद सरायकेला-खरसावां में 66 प्रतिशत और रांची में 55 प्रतिशत अतिरिक्त बारिश हुई।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
