पुलवामा में वेटर ने ऑनलाइन ठगी का मामला, 10 युवतियों को झांसा देकर किया आर्थिक नुकसान

राज्य

हिसार/कैथल.

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के रहने वाले 26 साल के मेहराजुद्दीन आजम ने शादी डॉट कॉम पर फर्जी आईडी बनाकर करीब दस युवतियों के साथ फ्रॉड किया। निशांत सहारण के नाम से फर्जी आईडी पर खुद को सेना में मेजर बताया। इस बात का राजफाश उस समय हुआ जब कैथल पुलिस ने तितरम मोड़ पर वाहनों की जांच के दौरान एक कैब को रुकवाया। कैब में बैठे युवक ने खुद को सेना में मेजर बताया।

शक होने पर पुलिस ने आई कार्ड मांगा तो नहीं दिखा पाया। आरोपित ने चंडीगढ़ से आर्मी की वर्दी खरीदी थी। जांच में सामने आया कि आरोपित का असली नाम मेहराजुद्दीन आजम है और वह हिसार में एक युवती और उसके परिवार से मिलने जा रहा था। पता चलने पर युवती के परिवार ने आजाद नगर थाना में शिकायत दी। पुलिस जांच के लिए आरोपित आजम को हिसार लेकर आई। यहां अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। युवक के पकड़े जाने के बाद आर्मी इंटेलीजेंस की टीमें भी सक्रिय हो गई हैं।

दो दिन के रिमांड पर आरोपित
हिसार के पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आजाद नगर थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। आरोपित को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपित से पूछताछ जारी है।

आर्मी में भर्ती करवाने के नाम पर भी करता था ठगी
तीन दिन पहले कैथल पुलिस ने इंचार्ज रवि सैनी के नेतृत्व में तितरम चौक पर नाका लगाया हुआ था। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक ओला कैब गाड़ी को रोका। इसमें सवार युवक ने अपनी पहचान सेना में मेजर के तौर पर बताई और नाम भी निशांत सहारण बताया। उसके बैग से सेना की वर्दी भी मिली। शक होने पर पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की तो युवक ने असली नाम आजम बताया। युवक हिसार में एक हिंदू लड़की से मिलने जा रहा था। उससे उसकी शादी की बात चल रही थी। युवती के स्वजन अपनी बेटी से युवक से शादी करवाने की तैयारी भी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि वह युवती से लाखों रुपये भी ले चुका था। आरोपित आर्मी में नौकरी लगवाने के नाम पर भी लोगों से ठगी करता था। कैथल पुलिस ने आरोपित को हिसार पुलिस को सौंप दिया था।

120 एकड़ का बताता था जमींदार
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के आवनपुर गांव का रहने वाला है। उसने शादी डॉट कॉम पर निशांत सहारण के नाम से आईडी बनाई। सेना की वर्दी पहनकर अपनी फोटो अपलोड की। इसके अलावा खुद को 120 एकड़ का जमींदार बताता था। शादी डॉट कॉम के जरिए उसने हिसार की रहने वाली एक युवती से बातचीत की। कई दिनों तक बात होने के बाद शादी की बातचीत चली। उसी सिलसिले में वह मोहाली से कैब में सवार होकर हिसार आ रहा था।

युवती से ले चुका 30 हजार रुपये
आजाद नगर थाना में कार्यरत एसआई सुनील कुमार बूरा ने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपित आजम 2021 में कश्मीर से मोहाली के खरड़ एरिया में आया था। दो साल तक उसने यहां पर वेटर का काम किया। फिर वापस अपने गांव लौट गया। 2025 में फिर से खरड़ आया। इस बार उसे काम नहीं मिला तो उसने शादी डॉट कॉम पर फर्जी आईडी बनाकर खुद को सेना का अधिकारी बताया। इसी दौरान उसकी हिसार की रहने वाली एक युवती से बातचीत हुई। उसने युवती से 30 हजार रुपये भी लिए थे। इस संबंध में युवती के परिवार की तरफ से केस दर्ज करवाया गया।

युवक को हिसार पुलिस के सुपुर्द किया
तितरम मोड़ नाका पर चेकिंग के दौरान एक युवक को पकड़ा था जो स्वयं को सेना में मेजर बता रहा था। युवक ने अपनी झूठी पहचान बताई थी। युवक को हिसार पुलिस को सौंप दिया गया था। आगामी कार्रवाई हिसार पुलिस की तरफ से की जा रही है।
– मनप्रीत सिंह सूदन, एसपी कैथल

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry