काम में लापरवाही पर होगी कार्रवाई: 50 लाख की योजनाओं के शुभारंभ पर सोनाराम बोदरा की चेतावनी

राज्य

खरसावां
झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने शुक्रवार को अलग-अलग पंचायतों में करीब 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाली विकास योजनाओं का शिलान्यास किया. इस दौरान उनके साथ जिला परिषद सदस्य काली चरण बानरा और सावित्री बानरा भी मौजूद रहे. जनप्रतिनिधियों ने शिलापट्ट का अनावरण और नारियल फोड़कर योजनाओं की शुरुआत की.

इन योजनाओं की हुई शुरुआत
शिलान्यास के तहत लाखनडीह और बाडामशाल में जलमीनार, मोहनबेड़ा और छोटा आमदा में पीसीसी सड़क, तेलाईडीह और सिंगाडीह में नहाने के घाट और पदमपुर में नाली निर्माण काम का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और विकास कार्यों के लिए जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया. इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है. पेयजल, सड़क, जल निकासी एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार योजनाएं संचालित की जा रही हैं. उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाएगा जिससे कि ग्रामीणों को इसका सीधा फायदा मिल सके.

समय पर कार्य पूरा नहीं करने वाले संवेदकों पर होगी कार्रवाई : सोनाराम बोदरा
सोनाराम बोदरा ने स्पष्ट कहा कि विकास योजनाओं को पूरा करने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि सभी संवेदकों (ठेकेदारों) को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करना होगा. समय पर काम पूरा नहीं करने वाले संवेदकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को भी योजनाओं की नियमित निगरानी करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनी और संबंधित अधिकारियों को जरूरी पहल करने का निर्देश देने की बात कही. मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry