JAC छात्रों के लिए जरूरी खबर: 75% उपस्थिति पूरी नहीं तो बोर्ड परीक्षा में आ सकती है अड़चन

करियर & जॉब

 (पलामू)
 मैट्रिक और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026-27 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए नियमित उपस्थिति जरूरी है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए न्यूनतम 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य की है।

निर्धारित उपस्थिति पूरी नहीं करने वाले विद्यार्थियों की परेशानी बढ़ सकती है। जैक के निर्देश के बाद जिले के स्कूलों में 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की उपस्थिति पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

स्कूल प्रबंधन को कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों की पहचान कर उनकी अटेंडेंस बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है। विद्यार्थियों की उपस्थिति का रिकॉर्ड भी नियमित रूप से अपडेट किया जा रहा है।

कम अटेंडेंस वाले विद्यार्थियों पर नजर
जिन विद्यार्थियों की उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम है, उन्हें नियमित रूप से स्कूल आने के लिए कहा जा रहा है। स्कूल स्तर से ऐसे विद्यार्थियों के अभिभावकों से भी संपर्क किया जा रहा है। उन्हें बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने की जानकारी दी जा रही है, ताकि बोर्ड परीक्षा के समय परीक्षा फॉर्म भरने में किसी तरह की परेशानी नहीं हो।

स्कूल प्रबंधन को विद्यार्थियों की उपस्थिति का रिकॉर्ड नियमित रूप से दर्ज करने और सुरक्षित रखने का निर्देश दिया गया है। बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए यह नियम महत्वपूर्ण है। परीक्षा की तैयारी और पाठ्यक्रम पूरा करने के साथ निर्धारित उपस्थिति मानक पूरा करना भी जरूरी होगा।

जानें क्या है नियम
– मैट्रिक और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के लिए न्यूनतम 75 प्रतिशत उपस्थिति जरूरी।
– कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों की स्कूल स्तर पर निगरानी।
– अभिभावकों से संपर्क कर नियमित स्कूल भेजने की अपील।
– विद्यार्थियों की उपस्थिति का रिकॉर्ड अपडेट रखने का निर्देश।
– बोर्ड परीक्षा से पहले निर्धारित उपस्थिति पूरी करने पर जोर।

    विद्यार्थियों को नियमित रूप से कक्षा में उपस्थित रहने की सलाह दी गई है। जिन विद्यार्थियों की उपस्थिति कम है, उन्हें नियमित स्कूल लाने का प्रयास किया जा रहा है। इसको लेकर अभिभावकों से भी संपर्क किया जा रहा है। अभी समय है, विद्यार्थी नियमित रूप से स्कूल आकर अपनी उपस्थिति बढ़ा सकते हैं। अभिभावकों से भी बच्चों की स्कूल उपस्थिति पर नजर रखने की अपील की जा रही है।
    -संदीप कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, पलामू

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry